गाज़ियाबाद

गाजियाबाद में दिनदहाड़े ATM वैन से लूटा 20 लाख रुपए कैश, ड्राइवर को बंधक बनाकर फायरिंग भी की

Ghaziabad ATM Cash Van Loot : गाजियाबाद में दिनदहाड़े बदमाशों ने ATM वैन से 20 लाख रुपये लूट लिए। ड्राइवर को बंधक बनाकर फायरिंग की और एक्सप्रेस-वे के रास्ते फरार हो गए। पुलिस को 8 किमी दूर लावारिस वैन मिली है, जांच जारी है।
1 minute read
Feature image
AI Generated symbolic image.

गाजियाबाद : गाजियाबाद में बदमाशों ने ATM वैन से 20 लाख रुपए लूट लिए। बदमाशों ने ड्राइवर को बंधक बनाकर फायरिंग भी की। बदमाश मौका पाकर कैश वैन को लेकर एक्सप्रेस-वे के रास्ते भाग निकले।

पुलिस की नाकाबंदी के बाद घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर वैन लावारिस हालत में मिली। उसमें रखे 20 लाख रुपए गायब थे। DCP सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि कैश लूटने वाले बदमाशों की पहचान की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों की तलाश में पुलिस कई जगह दबिश दे रही है।

ड्राइवर को अकेला पाकर बनाया बंधक

इसी मौके का फायदा उठाकर वहां पैदल घूम रहे तीन बदमाशों ने वैन पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने तमंचे के बल पर ड्राइवर को बंधक बना लिया। जब ड्राइवर ने विरोध करने की कोशिश की, तो बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए हवा में फायरिंग कर दी। इसके बाद बदमाश ड्राइवर को डरा-धमकाकर कैश वैन समेत दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के रास्ते फरार हो गए।

2 घंटे बाद मिली खाली वैन

वारदात के बाद ड्राइवर के शोर मचाने पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद, पुलिस ने मसूरी थाना क्षेत्र से कैश वैन को लावारिस हालत में बरामद कर लिया, लेकिन वैन के अंदर रखा कैश गायब था।

पुलिस की जांच और 8 टीमों का गठन

कर्मचारियों के अनुसार वैन में 20 लाख रुपये बचे थे, जिसकी आधिकारिक पुष्टि के लिए रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि बदमाश एक्सप्रेस-वे से होते हुए हापुड़ बॉर्डर की तरफ भागे हैं। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की 8 टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ कंपनी के कर्मचारियों और ड्राइवर से भी गहन पूछताछ कर रही है।

Updated on:
06 May 2026 05:39 pm
Published on:
06 May 2026 05:02 pm