गाज़ियाबाद

गाजियाबाद के मोहित शर्मा हत्याकांड के मुख्य आरोपी का हुआ एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग कर भागने की थी कोशिश

Ghaziabad Encounter: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक और एनकाउंटर का मामला सामने आया है। मोहित शर्मा हत्याकांड का मुख्य आरोपी ने बचकर भाग निकलने के लिए पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में आरोपी पर गोली चलाई।
2 min read
Ghaziabad Encounter
मोहित हत्याकांड के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर (Photo-X@@priyarana3101)

Mohit Sharma murder Accused: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हत्या के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस और मुख्य आरोपी के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार मोहित शर्मा हत्याकांड में गिरफ्तार मुख्य आरोपी गौरव को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए एक जगह ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। इसके बाद हालात थोड़े तनाव भरे हो गए और मुठभेड़ जैसी स्थिति हो गई। इस दौरान गौरव के पैर में गोली लग गई।

झाड़ियों में छिपकर पुलिस टीम पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, गौरव को शांतिनगर वाटर प्लांट के पास बने डंपिंग यार्ड हथियार बरामद के लिए ले जाया गया था। इसी बीच उसने मौका देखकर भागने की कोशिश की और पास की झाड़ियों में जाकर छिप गया। आरोप है कि छिपने के बाद वहां से उसने एक देशी तमंचा निकाला और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और गौरव पर गोली चलाई, जिसमें वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही दोबारा पकड़ लिया।

दो जुलाई को दर्ज हुआ था हत्या का मामला

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई को क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना इलाके में मोहित शर्मा की हत्या का मामला दर्ज किया गया था। उसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इस दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी गौरव और उसके कुछ साथियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद 3 जुलाई को गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर ही पुलिस गौरव को हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर गई थी, जहां यह पूरी घटना हुई।

अस्पताल में चल रहा इलाज

मुठभेड़ में घायल होने के बाद पुलिस आरोपी को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार गौरव अभी खतरे से बाहर है। वहीं, इस हत्या के मामले में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश भी जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और मामले में आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
03 Jul 2026 08:40 am
Published on:
03 Jul 2026 08:29 am