गाज़ियाबाद

Ghaziabad News: रात में सोती हुई 7 साल की मासूम को अगवा कर उतारा मौत के घाट, मॉल के बेसमेंट में मिला लहूलुहान शव

Seven Year Old Girl Murderगाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में निर्माणाधीन मॉल में 7 साल की बच्ची का शव मिला है। पुलिस हत्या के मामले की जांच कर रही है और दो संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
2 min read
Ghaziabad Girl Murder Case
पुलिस ने गाजियाबाद में 7 साल की बच्ची की हत्या वाले मामले में दी सूचना (Photo-PTI)

Ghaziabad Girl Murder: गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां निर्माणाधीन मिक्सन मॉल के पास रहने वाली सात साल की बच्ची शुक्रवार शाम को लापता हो गई। बच्ची के माता-पिता मॉल के निर्माण कार्य में मजदूरी करते हैं और वहीं अस्थायी झुग्गी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह रात को सो रहे थे और रात करीब 12 बजे उन्हें बच्ची अपने बिस्तर पर नहीं दिखी थी जिसके बाद उन्होंने रात को ही गुमशूदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

मॉल के बेसमेंट में मिला शव

रात से ही बच्ची के माता-पिता उसे ढूंढने में लग गए थे। पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मॉल के अंदर सर्च अभियान शुरू किया। तलाश के दौरान बच्ची का शव मॉल के बेसमेंट में लहूलुहान हालत में मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे।

शुरुआती जांच में क्या आया सामने?

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्ची के सिर और चेहरे पर किसी भारी चीज से हमला किया गया था। कुछ जानकारियों के अनुसार, पत्थर या किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई। साथ ही, बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने साफ कहा है कि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। फिलहाल ममाले की जांच जारी है।

दो संदिग्धों को लिया हिरासत में

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने खंगाली जिसमें उन्हें दो लोगों पर शक हुआ। पुलसि ने उन दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है ताकि मामले की गुत्थी सुलझाई जा सके। वहीं, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।