
Ghaziabad Murder Case: गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेमी से शादी करने की जिद से नाराज भाई ने ही अपनी बहन की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले उसका गला दबाया और फिर धारदार हथियार से गला काट दिया। वारदात के बाद शव को ज्वार के खेत में फेंककर फरार हो गया। पुलिस ने 400 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी जांच की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 22 जुलाई को इसी बात को लेकर भाई-बहन के बीच विवाद हुआ था। पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपक ने बताया कि वह दिल्ली-एनसीआर में पेंट और पीओपी का काम करता है। उसकी बहन रीमा किसी युवक से बात करती थी। दीपक ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। उसने कहा कि उसी से शादी करूंगी तो उसी से ही करूंगी। इसके बाद भाई को गुस्सा आ गया और उसने अपनी बहन की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपक ने पहले अपनी बहन का गला दबाया। इसके बाद अपने काम में इस्तेमाल होने वाले आरी के ब्लेड से उसका गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को ज्वार के खेत में छिपा दिया और वहां से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल आरी का ब्लेड बरामद कर लिया है।
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने इलाके के 400 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा मोबाइल टावर के बीटीएस डेटा और घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों का भी विश्लेषण किया गया। पुलिस ने मैनुअल इनपुट और सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच के दौरान पुलिस को मृतका के भाई दीपक कुमार पर शक हुआ।
एसीपी प्रियाश्री पाल के मुताबिक, पुलिस ने 26 जुलाई को आरोपी दीपक कुमार (24) को काजीपुरा में शराब के ठेके के पास बनी झुग्गी-झोपड़ी से गिरफ्तार किया। आरोपी सिद्धार्थनगर के बांसी थाना क्षेत्र के बंधवाताल गांव का रहने वाला है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।