गाज़ियाबाद

सूर्या हत्याकांड अपडेट: मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद अब कितने आरोपी पुलिस गिरफ्त से दूर?

Ghaziabad Surya Murder Case Update: गाजियाबाद सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है।जानिए इस केस का नया अपडेट...
2 min read
police encounter Indirapuram Police encounter in Ghaziabad
पुलिस ने सूर्या हत्याकांड के मुख्य आरोपी को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है | फोटो सोर्स- X

Ghaziabad Surya Murder Case Update : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के चर्चित 17 वर्षीय छात्र सूर्या हत्याकांड में एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने रविवार तड़के एक भीषण मुठभेड़ में मुख्य आरोपी को तो मार गिराया है, लेकिन उसकी मदद करने वाला साथी अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है।

एनकाउंटर के समय पुलिस को चकमा देकर भागा आखिरी आरोपी

इंदिरापुरम के अभय खंड इलाके में जब पुलिस और मुख्य आरोपी के बीच मुठभेड़ चल रही थी, तो दोनों तरफ से करीब 50 राउंड गोलियां चलीं। इसमें मुख्य आरोपी मारा गया और पुलिस का एक जवान भी घायल हो गया। इसी अंधाधुंध फायरिंग और अफरातफरी का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी का साथी वहां से भाग निकला। 5 आरोपियों वाले इस पूरे केस में अब केवल 1 आरोपी ही ऐसा बचा है जो पुलिस की गिरफ्त से दूर चल रहा है। खोड़ा और इंदिरापुरम थाना पुलिस की संयुक्त टीमें अब पूरी तरह से इसी आखिरी फरार कातिल के पीछे लग गई हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।

'बकरा हलाल होते देखा है?'… रोंगटे खड़े कर देने वाली वो वारदात

यह पूरी खौफनाक वारदात बकरीद के दिन हुई थी। मृतक सूर्या के भाई और दोस्त ने बताया कि मुख्य आरोपी नाबालिग दोस्त ने 8 महीने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए सूर्या को बहला-फुसलाकर अपने घर बुलाया था। वहां पहुंचते ही उसने सूर्या से पूछा कि क्या तुमने कभी बकरे को हलाल होते देखा है? जब सूर्या ने इसका विरोध किया और वहां से जाने लगा, तो उसने और उसके साथियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल सूर्या अपनी जान बचाने के लिए करीब 200 मीटर तक लहूलुहान हालत में भागा, लेकिन सड़क पर गिर पड़ा। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सूर्या मर्डर केस, जानिए अब तक कौन अंदर और कौन बाहर?

इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल अपराधियों की बात करें तो मामले में कुल 5 आरोपी नामजद थे। इनमें से तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के तुरंत बाद ही गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। चौथे और मुख्य आरोपी को पुलिस ने आज सुबह एनकाउंटर में ढेर कर दिया। अब इस केस में सिर्फ पांचवां आरोपी ही पुलिस की गिरफ्त से दूर है, जो आज सुबह मुठभेड़ के वक्त पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। पुलिस की टीमें अब पूरी तरह से इसी आखिरी कातिल के पीछे लगी हुई हैं।

Updated on:
03 Jun 2026 05:37 pm
Published on:
31 May 2026 10:20 am