गाज़ियाबाद

बकरीद पर हिंदू लड़के की हत्या करने वाला शख्स एनकाउंटर में ढेर, सूर्या की मां बोली- मुझे आरोपी की लाश दिखाई जाए

Surya Murder Case: बकरीद पर सूर्या की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी के एनकाउंटर में ढेर होने के बाद जानिए सूर्या की मां ने क्या-क्या कहा? पढ़िए मामले में ताजा अपडेट।
2 min read
surya murder case latest update what deceased mother say after assad encounter in ghaziabad bakrid 2026
सूर्या हत्याकांड लेटेस्ट अपडेट। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

Surya Murder Case Update Encounter Ghaziabad:गाजियाबादके चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। यह एनकाउंटर इंदिरापुरम क्षेत्र में हुआ, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच दोनों ओर से करीब 50 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया। वहीं, आरोपी का एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस को मिली थी आरोपी की लोकेशन

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी अपने एक दोस्त से पैसे लेने के लिए खोड़ा इलाके में आने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम को आरोपी अपने एक साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया।

रुकने के बजाय पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस का दावा है कि जब टीम ने आरोपी को रुकने का इशारा किया तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। इस दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया।

साथी मौके से फरार, तलाश जारी

मुठभेड़ के दौरान बाइक चला रहा मुख्य आरोपी का साथी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल और बाइक भी बरामद की है।

सूर्या की मां ने की बुलडोजर कार्रवाई की मांग

एनकाउंटर की खबर सामने आने के बाद मृतक सूर्या चौहान की मां सरोज ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि आरोपी और उसके साथियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।

मुझे आरोपी की लाश दिखाई जाए: सरोज

सरोज ने भावुक होते हुए कहा कि जिस तरह उनके बेटे की हत्या की गई, उसी तरह आरोपियों को भी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा- जिस तरह मेरे बच्चे को मारा गया, उन्हें भी उसी तरह मारकर लाया जाना चाहिए। मैं अभी तक अपने बेटे का चेहरा नहीं देख पाई हूं। मुझे आरोपी की लाश की तस्वीर दिखाई जानी चाहिए।

शहर छोड़कर भागने की फिराक में था हत्या का आरोपी

सूत्रों का कहना है कि सूर्या की हत्या का मुख्य आरोपी शहर छोड़कर फरार होने की तैयारी में था। हालांकि, इससे पहले ही गाजियाबाद पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई और इंदिरापुरम में हुई मुठभेड़ के दौरान उसे मार गिराया गया। पुलिस अब उसके फरार साथी और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।