गाज़ियाबाद

बकरीद पर सूर्या की हत्या करने वाले शख्स के एनकाउंटर पर ताजा अपडेट! रिकॉर्ड से गायब है मुख्य आरोपी की गली; संपत्ति की होगी जांच

Surya Murder Case Update: बकरीद पर सूर्या की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी के एनकाउंटर केस में ताजा अपडेट सामने आया है। जिस गली में आरोपी अपने परिवार के साथ रह रहा था, वह गली ही नगरपालिका के पुराने सर्वे रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है।
2 min read
Surya Murder Case latest Update
बकरीद पर सूर्या की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी का एनकाउंटर (फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज)

Surya Murder Case Update:गाजियाबाद में बकरीद के दिन हुई सूर्या चौहान की हत्या के आरोपी के एनकाउंटर के बाद अब प्रशासन ने आरोपियों की संपत्तियों की जांच तेज कर दी है। नगरपालिका परिषद और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मामले में सर्वे शुरू कर दिया है, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

नगरपालिका रिकॉर्ड से गायब मिली पूरी गली

जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि नवनीत विहार की जिस गली में आरोपी आरोपीअपने परिवार के साथ रह रहा था, वह गली ही नगरपालिका के पुराने सर्वे रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। साल 2018 में किए गए नगरपालिका सर्वे में क्षेत्र की अधिकांश गलियों का रिकॉर्ड मौजूद है, लेकिन आरोपी के मकान वाली गली का कोई उल्लेख नहीं मिला।

आरोपी के मकान को लेकर भी बना हुआ है संशय

प्रशासनिक टीम को स्थानीय लोगों से आरोपी के मकान को लेकर अलग-अलग जानकारियां मिलीं। कुछ लोगों ने बताया कि आरोपी का परिवार करीब छह महीने पहले किराये पर रहने आया था, जबकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार ने हाल ही में यह मकान खरीद लिया था। मकान पर ताला लगे होने के कारण अधिकारी अभी इसकी पुष्टि नहीं कर पाए हैं।

जांच के लिए मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम

शनिवार को नगरपालिका परिषद के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार, कर निरीक्षक दीक्षा चौहान, लेखपाल पंकज सक्सेना समेत अन्य अधिकारी नवनीत विहार पहुंचे और मौके पर निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि जिस गली में आरोपी रह रहा था, वहां पांच से छह मकान मौजूद हैं।

सिर्फ एक मकान का मिला रिकॉर्ड

अधिकारियों के अनुसार गली के एक छोर पर स्थित केवल एक मकान का ही रिकॉर्ड नगरपालिका के सर्वे दस्तावेजों में दर्ज मिला। आरोपी के मकान समेत अन्य कई मकानों का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड अभी तक उपलब्ध नहीं हो सका है। इससे प्रशासनिक रिकॉर्ड और कर व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

अन्य आरोपियों की संपत्तियों की भी होगी जांच

एक निजी चैनल से बातचीत में तहसीलदार आलोक ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की संपत्तियों और उनसे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। सभी संबंधित जानकारियां जुटाने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।

गृहकर रिकॉर्ड की भी होगी समीक्षा

कर निरीक्षक दीक्षा चौहान ने एक निजी चैनल से बातचीत में बताया कि जिस गली का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है, वहां गृहकर से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा क्षेत्र की अन्य गलियों का भी सर्वे कराया जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और भी ऐसे मकान या गलियां तो नहीं हैं जो अब तक नगरपालिका के रिकॉर्ड और कर प्रणाली से बाहर हैं।

खोड़ा क्षेत्र में चल सकता है व्यापक सर्वे अभियान

प्रशासन का मानना है कि खोड़ा क्षेत्र में कई ऐसी गलियां और मकान हो सकते हैं जो नगरपालिका बनने के बाद भी न तो गृहकर रिकॉर्ड में शामिल हुए हैं और न ही उनसे किसी प्रकार का कर वसूला गया है। इसी वजह से अब व्यापक स्तर पर सर्वे अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।

रिपोर्ट के आधार पर आगे होगी कार्रवाई

अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।