गाजीपुर

गाजीपुर में तेज रफ्तार वाहन ने देवरानी-जेठानी को रौंदा, एक ही परिवार की दोनों की मौत

Ghazipur Road Accident: सैदपुर-भीमापार मार्ग पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में देवरानी-जेठानी की मौत हो गई।
2 min read
Sep 13, 2026
Road Accident
एक्सीडेंट (File Photo)

Accident in Ghazipur: गाजीपुर के सैदपुर-भीमापार मार्ग पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में देवरानी-जेठानी की मौत हो गई है। धिमरा की पाही गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे जा रहीं दोनों महिलाओं को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं उछलकर सड़क से दूर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को सैदपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी महिला ने भी वाराणसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

शौच के लिए निकली थी महिलाएं

जानकारी के मुताबिक, स्माइलपुर कोटीसा गांव निवासी खुशबू देवी (30) पत्नी प्रमोद कश्यप और उनकी जेठानी कृति (35) पत्नी विनोद कश्यप रविवार सुबह शौच के लिए घर से निकली थी। दोनों सैदपुर-भीमापार मार्ग पर धिमरा की पाही के पास पहुंची थी। इसी दौरान सैदपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। जानकारी होने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायल महिलाओं को सैदपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं, अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद खुशबू को मृत घोषित कर दिया जबकि कृति की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

कृति को एंबुलेंस से वाराणसी ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान एंबुलेंस में चढ़ाते समय उसकी हालत बिगड़ गई और उसने भी दम तोड़ दिया। एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि खुशबू के पति प्रमोद और कृति के पति विनोद सगे भाई हैं और दोनों वाहन चलाने का काम करते हैं। हादसे के समय विनोद गांव में ही मौजूद थे, जबकि प्रमोद फिलहाल मुंबई में हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद वह मुंबई से घर के लिए रवाना हो चुके हैं। खुशबू देवी अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। उनके एक बच्चे की उम्र सात वर्ष और दूसरे की पांच वर्ष है। वहीं, कृति की कोई संतान नहीं थी। एक ही परिवार की दो महिलाओं की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

क्या बोली पुलिस

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सैदपुर पुलिस ने बताया है कि ग्रामीणों द्वारा दुर्घटना की जानकारी मिली थी। जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मृतक महिलाओं के शव को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, वाहन की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने बताया है कि मामले में परिजनों द्वारा तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Updated on:
13 Sept 2026 11:33 am
Published on:
13 Sept 2026 11:10 am