गाजीपुर

‘कटरा गैंग’ का सदस्य था गाजीपुर मुठभेड़ में मारा गया एक लाख का इनामी कमलेश, होटल कारोबारी के बेटे को मारी थी गोली

Ghazipur vinit rai murder case। Encounter in ghazipur : गाजीपुर के कुर्था इलाके में पुलिस संग मुठभेड़ में मारा गया कमलेश बिंद शातिर किस्म का अपराधी था। पुलिस ने बताया है कि होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की हत्या प्लानिंग के तहत की गई थी और व्हाट्सएप पर कटरा गैंग नामक एक ग्रुप बनाया गया था।

2 min read
Jun 04, 2026
Vinit rai murder case
घटनास्थल पर अधिकारी, Pc- Ghazipur police X account

Ghazipur kamlesh bind encounter: गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे की हत्या किए जाने के मामले में पुलिस के साथ एनकाउंटर में मारा गया आरोपी कमलेश चौधरी बिंद एक लाख रुपए का इनामी बदमाश था और कटरा गैंग का सक्रिय सदस्य था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने होटल कारोबारी से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी और नहीं देने पर अंजाम भुगतने की बात कही थी, जिसके बाद 29 मई की रात होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

व्हाट्सएप पर बनाया गया था ग्रुप

बुधवार की देर शाम गाजीपुर के कुर्था इलाके में पुलिस संग मुठभेड़ में मारा गया कमलेश बिंद शातिर किस्म का अपराधी था। पुलिस ने बताया है कि होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत राय की हत्या प्लानिंग के तहत की गई थी और व्हाट्सएप पर कटरा गैंग नामक एक ग्रुप बनाया गया था। पुलिस ने बताया है कि विनीत राय की हत्या के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई थी और मुख्य आरोपी शंकर पांडे और कमलेश बिंद पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में दो अन्य आरोपियों के ऊपर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

होटल कारोबारी आलोक राय ने बताया है कि आरोपियों ने उनसे एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी थी और नहीं देने पर 29 मई की देर रात बदमाशों ने उनके होटल के पास ही गोली मार कर उनके बेटे विनीत राय की हत्या कर दी। आलोक राय ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि यदि आरोपियों का एनकाउंटर नहीं होता है तो पूरे परिवार को जान का खतरा है, जिसके बाद बुधवार की शाम पुलिस ने मामले में कमलेश बिंद को मार गिराया।

संगीन धाराओं में दर्ज थे मुकदमे

पुलिस संग मुठभेड़ में मारे गए कमलेश के खिलाफ रंगदारी और मारपीट जैसे गंभीर धाराओं में कुल सात मुकदमे दर्ज थे। पुलिस के मुताबिक, कटरा गैंग के सदस्यों में कमलेश के अलावा शंकर पांडे, आलोक दुबे और सोनू यादव भी सक्रिय सदस्य हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया है कि फरार तीनों आरोपियों को पकड़ने के लिए करीब आधा दर्जन टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप पर कटरा गैंग ग्रुप बनाने वाला शख्स शंकर पांडे है, जो इस मामले में मुख्य आरोपी है। उन्होंने बताया है कि इस मुठभेड़ के दौरान एसओजी प्रभारी रोहित मिश्रा को भी गोली लगी है, जिनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

क्या है पूरा मामला

शुक्रवार की रात 11 बजे के करीब अष्टभुजी कॉलोनी के रहने वाले होटल मालिक आलोक राय उर्फ ब्लू राय के बेटे विनीत राय की होटल के बाहर ही बाइक सवार चार बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि विनीत उस समय होटल से खाना खाकर घर जाने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान उन पर हमला किया गया। इस हमले के चश्मदीद और होटल के गार्ड शंभू यादव पर भी फायरिंग की गई थी, जिसके बाद शंभू यादव ने होटल में भाग कर अपनी जान बचाई थी।

शंभू यादव ने बताया है कि आरोपी उससे गेट पर खड़े होकर बीयर मांग रहे थे। हालांकि, उनका मकसद बीयर लेना नहीं बल्कि, हत्या करना ही था। इस दौरान जब वह होटल के अंदर गया। इस दौरान आरोपी गेट के बाहर टहल रहे थे और जैसे ही विनीत राय होटल से बाहर निकले आरोपियों ने उन्हें चार गोलियां मारी, जिसके बाद होटल स्टाफ उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Published on:
04 Jun 2026 09:56 am