
Gonda News: गोंडा में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के निविदा और संविदा कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता सूरज सिंह के आवास पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थायी नौकरी, वेतन बढ़ाने, बेहतर इलाज और दुर्घटना मुआवजा जैसी मांगें उठाईं। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव तक अपनी आवाज पहुंचाने की मांग करते हुए सपा नेता को ज्ञापन भी सौंपा।
गोंडा में सोमवार को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के निविदा और संविदा कर्मचारियों का गुस्सा खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में कर्मचारी समाजवादी पार्टी के नेता सूरज सिंह के आवास पर पहुंचे। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। और अपनी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि वे कई वर्षों से बिजली विभाग में काम कर रहे हैं। लेकिन आज भी उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है। उनका कहना है कि कई बार विभागीय अधिकारियों और सरकार के सामने अपनी मांगें रखी गईं। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कर्मचारियों ने मांग की कि उन्हें स्थायी नियुक्ति दी जाए। वेतन में बढ़ोतरी की जाए। बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। ड्यूटी के दौरान दुर्घटना होने पर उचित मुआवजा दिया जाए। उनका कहना था कि बिजली जैसी जोखिम भरी सेवा में काम करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सुरक्षा और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने समाजवादी पार्टी के नेता सूरज सिंह को ज्ञापन सौंपा और आग्रह किया कि उनकी मांगों को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तक पहुंचाया जाए। ताकि इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जा सके।
ज्ञापन लेने के बाद सूरज सिंह ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की मौजूदा व्यवस्था से कर्मचारी ही नहीं, आम जनता भी परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविदा कर्मचारियों की सुरक्षा और चिकित्सा सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।
सूरज सिंह ने कहा कि अगर भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है। तो संविदा कर्मचारियों को स्थायी करने, उनका न्यूनतम वेतन 25 हजार रुपये करने और दुर्घटना मुआवजा बढ़ाने जैसे मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की और जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।