गोंडा

Gonda News: मुंबई में नदी में डूबा या रची गई साजिश? मां बोली- मेरे लाल को पानी में डुबो दिया, हमें इंसाफ चाहिए

Gonda News: गोंडा के खरगूपुर निवासी 20 वर्षीय रोहन विश्वकर्मा की मुंबई में नदी में डूबने से मौत के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। मां ने पुलिस को तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले ने पूरे गांव में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
2 min read
Aug 03, 2026
मृतक की मां फोटो सोर्स पत्रिका
मृतक की मां फोटो सोर्स पत्रिका

Gonda News: गोंडा के खरगूपुर थाना क्षेत्र के भड़कुडी गांव का रहने वाला 20 वर्षीय रोहन विश्वकर्मा अब कभी घर नहीं लौटेगा। मुंबई में नदी में डूबने से उसकी मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। लेकिन मां इसे हादसा नहीं मान रही। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। अब पूरा परिवार एक ही सवाल पूछ रहा है। आखिर रोहन के साथ हुआ क्या था?

Gonda News: गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र के भड़कुडी गांव के रहने वाले रोहन विश्वकर्मा की मुंबई में एक नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। हालांकि परिजन इसे महज हादसा मानने को तैयार नहीं हैं। मृतक की मां ने थाने में तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मेरा बेटा वापस नहीं मिलेगा, लेकिन मुझे न्याय चाहिए

मृतक की मां सुमन देवी ने बताया कि उनका बेटा रोहन गांव के ही झब्बर नामक व्यक्ति के साथ मुंबई गया था। परिवार के अनुसार, उसे झूला लगाने और उस पर काम करने का लालच देकर ले जाया गया था। उनका आरोप है कि रोहन की नदी में डूबने से नहीं, बल्कि उसे जानबूझकर पानी में डुबोकर मार दिया गया। उन्होंने कहा, "मेरा बेटा मुझे वापस नहीं मिलेगा। लेकिन मुझे न्याय जरूर चाहिए।"

डेड बॉडी के साथ आ रहा एक व्यक्ति रास्ते से हुआ गायब

वहीं, रोहन के चाचा राम आशीष ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नदी में पांच लोग नहाने गए थे। इनमें से चार लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। जबकि रोहन डूब गया। इस घटना ने परिवार के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि जब रोहन का शव लेकर लोग गांव लौट रहे थे। तभी साथ आ रहे एक व्यक्ति के फैजाबाद से करीब 30 किलोमीटर पहले अचानक लापता हो जाने की बात सामने आई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। इस घटना ने परिवार के संदेह को और गहरा कर दिया है।

चाचा बोले- वह मेरे सामने आए, पूरी सच्चाई बताएं

रोते हुए राम आशीष ने कहा कि जिस व्यक्ति ने रोहन को काम दिलाने के नाम पर घर से ले गया था। वह सामने आकर पूरी सच्चाई बताए कि आखिर उस दिन नदी में क्या हुआ। और रोहन की जान कैसे गई। इतना कहते-कहते उनका गला भर आया। वह फूट-फूटकर रोने लगे।
फिलहाल परिवार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक खरगूपुर का कहना है कि तहरीर मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उस हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
03 Aug 2026 01:55 pm
Published on:
03 Aug 2026 01:55 pm