
भजन संध्या कार्यक्रम में भावुक हुए बृजभूषण फोटो सोर्स वायरल वीडियो स्क्रीनशॉट
Brij Bhushan Sharan Singh: महिला पहलवानों के कथित यौन शोषण मामले में 3 अगस्त को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट फैसला सुनाने वाली है। इससे ठीक पहले भाजपा नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का एक भावुक वीडियो सामने आया है। नागपुर में आयोजित भजन संध्या के दौरान वह भक्ति में इतने भावुक हो गए कि मंच पर ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
महिला पहलवानों के कथित यौन शोषण मामले में 3 अगस्त को आने वाले अदालत के फैसले से पहले भाजपा नेता और गोंडा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि नागपुर से सामने आया उनका भावुक वीडियो है। जो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बृजभूषण शरण सिंह दो दिन के महाराष्ट्र दौरे पर नागपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सद्गुरु रितेश्वर महाराज से मुलाकात की। दौरे के दूसरे दिन आयोजित भजन संध्या में वह भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जैसे ही 'बेगी हरो हनुमान महाप्रभु, यही हरो अभी हरो, जल्दी हरो' भजन शुरू हुआ, बृजभूषण पूरी तरह भक्ति में डूब गए। वीडियो में वह हाथ में रुद्राक्ष की माला लिए ताली बजाते नजर आते हैं। कुछ ही देर बाद उनकी आंखों से आंसू बहने लगते हैं। और वह मंच पर भावुक हो जाते हैं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
भजन संध्या के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने तन, मन और धन से सद्गुरु रितेश्वर महाराज को अपना गुरु स्वीकार किया है। उन्होंने यह भी बताया कि पहली मुलाकात के दौरान गुरुजी ने जब उनका हाथ पकड़ा था तो उनकी आंखों से अपने आप आंसू निकल पड़े थे। उनके अनुसार, उस क्षण उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उनकी मुलाकात विश्वामित्र से हो रही हो। इस पर गुरुजी ने मुस्कुराते हुए कहा था कि "जो तुम सोच रहे हो, वह मैं ही हूं।" नागपुर का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बृजभूषण शरण सिंह दिल्ली स्थित अपने आवास लौट आए हैं। सूत्रों के अनुसार, वह 3 अगस्त को आने वाले कोर्ट के फैसले को लेकर अपने अधिवक्ताओं के साथ लगातार कानूनी रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं।
करीबी लोगों का कहना है कि कठिन परिस्थितियों में बृजभूषण अक्सर आध्यात्मिक कार्यक्रमों का सहारा लेते हैं। इससे पहले जनवरी 2026 में गोंडा में आयोजित राष्ट्रकथा के दौरान भी वह भक्ति में भावुक होकर मंच पर रो पड़े थे। अब अदालत के फैसले से पहले सामने आया यह वीडियो राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Updated on:
01 Aug 2026 09:41 pm
Published on:
01 Aug 2026 09:41 pm
