
गोण्डा. कहते हैं कि इश्क और मुश्क पर किसी का जोर नहीं चलता। यह कहावत गोंडा जिले के वजीरगंज थाने में तब सही साबित होती दिखी, जब दो बच्चों की मां को गांव के ही एक युवक से प्यार हो गया। प्यार के पंक्षी गांव छोड़कर फरार हो गये। पति विदेश में कमाने गया था, ताकि वह अपनी बीवी और बच्चों को खुशी दे सके।
प्रेम का प्रकरण ग्राम करदा से जुड़ा है, जहां के निवासी गफ्फार अली का निकाह 9 वर्ष पहले क्षेत्र के ही डल्लापुर निवासी युवक आबिद अली की पुत्री शायरा से हुआ था। बताते चलें कि निकाह के बाद दोनों पति पत्नी आपस में मिलजुल कर हंसी-ख़ुशी से जीवन व्यतीत करते थे। इस बीच उनके दो बच्चे अली हुसैन व शकीना पैदा हुए। पति सऊदी अरब कमाने चला गया।
गांव में अकेली रह रही पत्नी को पति का विदेश जाना रास नहीं आया। उसे पति की कमी खलने लगी, जिसके चलते उसकी निगाहें गांव के ही एक युवक से लड़ गयीं और आंखे चार हो गईं। कहते हैं कि प्यार अंधा होता है। इस पर किसी का जोर नहीं चलता। यही हाल यहां भी हुआ। दोनों प्रेमी एक दूसरे के इतना करीब आ गए कि 15 दिन पहले घर छोड़ कर फरार हो गए।
ससुर ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
बहू घर से गायब थी तो महिला के ससुर ने बहू की गुमशुदगी थाने में दर्ज कराई। पुलिस के दबाव में दोनों बुधवार को थाने आ तो गए, मगर वहां का नजारा हैरान करने वाला था। लाख कोशिशों के बावजूद दोनों को अलग रहना जब नागवार लगा तो पुलिस ने सऊदी अरब रह रहे महिला के पति से बात की तो, उसने पत्नी के इच्छानुसार उसे मोबाइल पर ही अपने रिश्ते से आज़ाद कर दिया। इस तरह यहां निकाह के पवित्र रिश्ते पर प्यार का बंधन भारी पड़ा और दोनों युगल प्रेमियों को पुलिस ने अपने कैद से आज़ाद कर दिया।
क्या कहते हैं थानेदार
प्रकरण के सन्दर्भ में थानाध्यक्ष विनय कुमार सरोज ने बताया कि मोबाइल से सऊदी अरब में रह रहे पति से बात की गई तो पति ने पत्नी से बात करने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद पति ने अपनी पत्नी की इच्छानुसार मोबाइल पर ही उसे रिश्ते से आज़ाद कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने भी दोनों को आजाद कर दिया।
मां की ममता हुई शर्मसार
कितनी हैरानी की बात है कि जिन बच्चों की मामूली तकलीफों मे मां का दिल बेचैन हो जाता है और उनकी सलामती की वह ऊपर वाले से दिन रात दुआएं मांगती है। वह मां प्रेमी की चाहत में बच्चों को मासूम बच्चों को छोड़ नया घर बसाने चली गई।