Mobile Tower Incident: गोंडा में एक पीड़िता महिला आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज होकर अपने 3 साल के बेटे को पीठ से बांधकर 80 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। करीब 6 घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद डीएम के आश्वासन पर महिला सुरक्षित नीचे उतरी। घटना ने प्रशासन और पुलिस को मुश्किल में डाल दिया।

Gonda Woman Climbed Tower: गोंडा में एक महिला ने न्याय की मांग को लेकर ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे प्रशासन को घंटों तक परेशान कर दिया। रेप केस में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज महिला अपने 3 साल के बेटे को पीठ पर बांधकर करीब 80 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। करीब छह घंटे तक चले प्रयास और डीएम के आश्वासन के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतरी।
गोंडा जिले में सोमवार को एक महिला ने अपने साथ हुए कथित दुष्कर्म मामले में कार्रवाई न होने से नाराज होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि महिला अपने तीन साल के बेटे को भी साथ लेकर टॉवर पर चढ़ गई थी।
इस घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार महिला तरबगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह सुबह एक स्कूल परिसर में पहुंची। वहां लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। महिला ने अपने बेटे को साड़ी के सहारे अपनी कमर से बांध रखा था। वह टॉवर पर काफी ऊंचाई तक चढ़ने के बाद वहीं बैठ गई और नीचे आने से इनकार कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने महिला को समझाने की कोशिश की। लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। महिला का कहना था कि उसने गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई। इसी वजह से वह न्याय की मांग कर रही है।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने लगातार महिला से बातचीत की। पुलिस ने माइक के जरिए भी उसे नीचे उतरने के लिए कहा। बाद में महिला ने अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और अपनी शिकायत विस्तार से बताई। उसने आरोप लगाया कि वह कई बार संबंधित अधिकारियों से मिल चुकी है। लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
महिला को शांत कराने के लिए पुलिसकर्मियों को टॉवर पर पानी और खाने-पीने का सामान लेकर भेजा गया। इस दौरान अधिकारी लगातार उसे भरोसा दिलाते रहे कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के परिवार के लोगों से भी महिला की बातचीत कराई गई। लेकिन वह तुरंत नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।
करीब छह घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद जिलाधिकारी ने स्वयं महिला से बात की। प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का भरोसा मिलने पर महिला अपने बेटे के साथ सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। घटना पूरे दिन जिले में चर्चा का विषय बनी रही और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटे रहे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि सुबह हमें सूचना मिली कि एक महिला अपने बच्चों के साथ टावर पर चढ़ गई है। इस सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस फायर सेफ्टी के सीओ अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हम लोगों ने महिला से संपर्क साधने की कोशिश की। हमने लाउडस्पीकर के माध्यम से अपना मोबाइल नंबर महिला तक पहुंचा। उससे हमारी बात हुई। उसने अपनी बातें रखी। उसकी जो डिमांड थी। हमने सुना पूरा प्रकरण यह है कि महिला तरबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह पहले से शादीशुदा है। उसके चार बच्चे हैं। उसका अपने पति से विवाद चल रहा है। वह अपने पति के साथ नहीं रहती है। उसका उसी के बगल के गांव के एक व्यक्ति से संपर्क था जिसके साथ हुआ रहना चाहती है। वह भी शादीशुदा है। वह दिल्ली में मजदूरी करता है। जैसे ही हमने महिला से बातचीत कराई दोनों ने आपस में बातचीत किया। दोनों एक दूसरे की बातों से संतुष्ट हुए हैं। अयोध्या से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई थी। उसके बाद महिला को नीचे उतर गया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अभी हमारा उसे पर फोकस नहीं था। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है जो भी तथ्य सामने आएंगे उसे हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।