गोपालगंज

बाहुबली अनंत सिंह और गुंजन सिंह पर FIR; जनेऊ में डांस देख रहे थे विधायक, समर्थक लहरा रहे थे हथियार

गोपालगंज में एक कार्यक्रम के दौरान हथियार लहराने और अश्लील डांस का वीडियो वायरल होने के बाद विधायक अनंत सिंह समेत 9 लोगों पर FIR दर्ज की गई है। एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में आयोजक और समर्थकों को भी नामजद किया गया है।

2 min read
jdu leader anant singh reaction on FIR in Gopalganj
जदयू विधायक अनंत सिंह (Photo- ANI)

मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह एक बार फिर कानूनी विवादों में घिर गए हैं। गोपालगंज के हथुआ थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक जनेऊ (उपनयन) संस्कार में हथियार लहराने, अश्लील डांस और सार्वजनिक शांति भंग करने के मामले में पुलिस ने विधायक अनंत सिंह और चर्चित नेता गुंजन सिंह समेत 9 नामजद लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी विनय तिवारी के कड़े निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद से जिले में हड़कंप मचा हुआ है।

जनेऊ संस्कार में हथियारों की नुमाइश

पूरी घटना 2 और 3 मई की बताई जा रही है, जब सेमराव गांव के गुड्डू राय के बेटे का जनेऊ संस्कार था। इस कार्यक्रम में विधायक अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ आमंत्रित थे। समारोह के दौरान मनोरंजन के लिए नर्तकियों को बुलाया गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब नर्तकी थिरक रही थी, तब विधायक के समर्थक खुलेआम प्रतिबंधित और लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन कर रहे थे।

डांस देख तालियां बजाते दिखे विधायक

वायरल वीडियो क्लिप में देखा जा सकता है कि विधायक अनंत सिंह खुद मंच के ठीक सामने सोफे पर बैठे मुजरा देख रहे थे। जब डांसर उनके करीब आकर नाचने लगी, तो विधायक को तालियां बजाकर खुशी जाहिर करते देखा गया। इसी दौरान उनके पीछे और आसपास खड़े समर्थक नोटों की बारिश कर रहे थे। वीडियो के सार्वजनिक होते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया।

एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर कार्रवाई

वीडियो वायरल होने के बाद गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने हथुआ एसडीपीओ को वीडियो के भौतिक सत्यापन का निर्देश दिया। जांच में पाया गया कि सार्वजनिक समारोह में हथियारों का प्रदर्शन करना और अश्लील डांस के जरिए शांति भंग करना कानूनन अपराध है।

पुलिस ने मीरगंज थाना कांड संख्या-247/26 दर्ज करते हुए विधायक अनंत सिंह, गुंजन सिंह, आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय और सुनील यादव को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा कई अज्ञात समर्थकों पर भी केस दर्ज किया गया है।

लाइसेंस रद्द करने की तैयारी

पुलिस के अनुसार, वीडियो में जो हथियार लहराए जा रहे हैं, उनमें से कुछ प्रतिबंधित श्रेणी के हो सकते हैं। पुलिस अब उन हथियारों की पहचान करने में जुटी है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि जिन लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन किया गया है, उनके मालिकों की पहचान कर लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी।

Published on:
06 May 2026 11:34 am