
CM Yogi on Purvanchal Development: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित एक कार्यक्रम में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। बदलता पूर्वी उत्तर प्रदेश विषय पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में सीएम योगी ने कहा, 'एक समय था जब पूर्वांचल की पहचान माफिया और मच्छर से होती थी लेकिन, आज अगर आप इन दोनों को खोजने निकलेंगे तो ये कहीं दिखाई नहीं देंगे।' उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकारों के समय 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' का चलन था लेकिन आज उत्तर प्रदेश की पहचान 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' से होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं को पिछड़ेपन, बेरोजगारी या नशे से जोड़कर देखने का समय पूरी तरह से खत्म हो गया है। आज यहां के युवाओं के सामने शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और उद्योग के ढेरों अवसर मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अगर पहले युवाओं की प्रतिभा का सही इस्तेमाल नहीं हो पाया तो इसमें युवाओं की कोई गलती नहीं थी बल्कि कमी उस व्यवस्था और सरकार में थी जो उनकी क्षमता का सही उपयोग नहीं कर पाई।
सीएम योगी ने महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए विपक्ष पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के नाम पर लंबे समय तक सत्ता में रहने वालों ने उनके सपनों को जमीन पर उतारने का कोई प्रयास नहीं किया। उन्होंने काशी का उदाहरण देते हुए बताया कि साल 1916 में जब महात्मा गांधी काशी विश्वनाथ मंदिर गए थे तो वहां की संकरी गलियों और गंदगी को देखकर उन्होंने भारी नाराजगी जताई थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप पूरी दुनिया के सामने है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी इंसेफेलाइटिस और डेंगू जैसी बीमारियों के लिए चर्चा में रहने वाला गोरखपुर आज स्वास्थ्य सुविधाओं का एक बड़ा केंद्र बन चुका है। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं बढ़ी हैं और एम्स की स्थापना हुई है। कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में मेडिकल कॉलेजों के निर्माण और संचालन से लोगों को अपने आसपास ही बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और शानदार कनेक्टिविटी के कारण अब दूसरे राज्यों के बड़े उद्यमी भी उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि गोरखपुर से लखनऊ की यात्रा अब करीब 3 घंटे में पूरी हो रही है जबकि पहले इसमें 8 घंटे लगते थे। हवाई यात्रा का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि 10 साल पहले गोरखपुर से कभी-कभार ही फ्लाइट उड़ती थी लेकिन आज यहां से 14 उड़ानें संचालित हो रही हैं।
सीएम ने दावा किया कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में करीब 3 गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि 'विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब, उत्तर प्रदेश विकसित होगा।' इसके साथ ही सीएम योगी ने कहा कि पूर्वांचल के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है बस उन्हें सही अवसर और मंच देने की जरूरत है। आने वाले समय में यही युवा पूर्वी उत्तर प्रदेश को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।