गोरखपुर

पुलिस मित्र बनेंगे पुलिस की आंख और कान, शांति व्यवस्था में निभाएंगे बड़ी जिम्मेदारी : ADG

आगामी त्योहारों के मौसम को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड में हैं। गोरखपुर जोन के ADG मुथा अशोक जैन ने जोन के सभी ग्यारह जिलों के कप्तानों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
less than 1 minute read
Aug 18, 2025
Up news, gorakhpur
फोटो सोर्स: पत्रिका, ADG जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन

अपराध नियंत्रण एवं त्योहारों पर कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अब पुलिस के साथ अब लोकल यूथ भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे, इसके लिए गोरखपुर जोन के ADG मुथा अशोक जैन ने प्रयोग के तौर पर कुशीनगर जिले में बड़े पैमाने पर स्थानीय युवकों को पुलिस मित्र बनाने का निर्देश दिया था। इन पुलिस मित्रों का काम एक तरह से पुलिस को जरूरी सूचनाएं उपलब्ध कराना, कहीं ट्रैफिक जाम की समस्या है तो वहां पुलिस के आने तक खुद स्थिति को नियंत्रित कर ट्रैफिक दुरुस्त करना आदि है।

गोरखपुर जोन के सभी जिलों में नियुक्त किये जाएंगे पुलिस मित्र

इतना ही नहीं ये पुलिस मित्र अपने मोहल्लों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर भी पुलिस को जानकारी दे सकते हैं जिससे कि पुलिस कारवाई कर सके। ADG ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस, कृष्ण जन्माष्टमी आदि के अवसर पर इन पुलिस मित्रों ने बखूबी अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। इनके उत्साहवर्धन के लिए पुलिस जल्द ही थाना स्तर पर इन्हें सम्मानित करेगी। ADG मुथा अशोक जैन ने बताया कि जल्द ही जोन के ग्यारह जिलों में पुलिस मित्रों की नियुक्ति की जाएगी। आगामी दशहरा, दीपावली, छठ महापर्व आदि त्योहारों को देखते यह व्यवस्था बनाई जा रही है, इससे की कानून व्यवस्था दुरुस्त रहे।