
Ravi Kishan on Sonia Gandhi Book: सोनिया गांधी की किताब 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के बाजार में आने के साथ ही इस पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस किताब को लेकर अब गोरखपुर से बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए उनके बेटे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर करारा तंज कसा है। उन्होंने कहा कि, जब बेटे का राजनीतिक रॉकेट बार-बार उड़ान भरने में नाकाम रहता है तो स्वाभाविक रूप से निराशा और हताशा होती है।
रवि किशन ने कहा कि इसी निराशा की वजह से सोनिया गांधी को लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और RSS उन्हें चुनाव हरवा रहे हैं। बीजेपी सांसद ने कहा कि सोनिया गांधी एक वरिष्ठ नेता हैं लेकिन उन्हें यह सच्चाई समझनी चाहिए कि, "कांग्रेस को चुनाव में जनता हरा रही है। जनता ही नरेंद्र मोदी को बार-बार चुनाव जिताती है और कांग्रेस को सत्ता से बाहर रखती है। इसके लिए न तो प्रधानमंत्री मोदी जिम्मेदार हैं और न ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ।"
रवि किशन ने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि, उन्हें हर बात के लिए प्रधानमंत्री मोदी और RSS को जिम्मेदार ठहराने के बजाय सीधे जनता के बीच जाना चाहिए। उन्हें लोगों की नाराजगी और उनकी अपेक्षाओं को समझना चाहिए। रवि किशन के मुताबिक कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है लेकिन पार्टी अपनी हार के असली कारणों की समीक्षा करने के बजाय सिर्फ मोदी और RSS पर झूठे आरोप लगा रही है।
बीजेपी सांसद ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 का जिक्र करते हुए कांग्रेस को एक बार फिर हार का सामना करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में भी जनता कांग्रेस को पूरी तरह नकारेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व पर ही अपना भरोसा जताएगी। अगर जनता बीजेपी को चुनती है और कांग्रेस को नकारती है तो इसके लिए प्रधानमंत्री को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
सोनिया गांधी ने अपनी किताब Belonging: A Journey of Love में देश के कई ऐतिहासिक और संवेदनशील घटनाक्रमों पर अपनी बात रखी है। इसमें 1975 की इमरजेंसी, ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस का जिक्र है। उन्होंने 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद परिवार के डर और राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने से जुड़े हालात भी बताए हैं। किताब के बाजार में आते ही इसके अंदर लिखी गई राजनीतिक घटनाओं के विश्लेषण को लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है। विपक्षी पार्टियां किताब के कुछ हिस्सों को लेकर कांग्रेस पर हमलावर हैं, वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सोनिया गांधी के जीवन के त्याग और सच्चाई को इसमें सामने रखा गया है।