
गोरखपुर जिले में शुक्रवार की सुबह दुखद हादसे में चाचा-भतीजे की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक जिले के पाली विकासखंड में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे नगर पंचायत घघसरा के डुमरी में काम करने के दौरान बिजली के लटके तार की चपेट में आने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। मृतकों में रामविलास पुत्र रामनवल और उनके भतीजे चंद्रेश पुत्र हरिओम शामिल हैं।
दोनों के करंट की चपेट में आने के बाद ग्रामीण आनन फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठर्रापार ले गए। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक चंद्रेश के परिवार में पत्नी कुसुम लता और दो छोटे बच्चे हैं। वहीं रामविलास की पत्नी रीता देवी हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बिजली विभाग की लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों ने सहजनवा-बखिरा मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। घटना की सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं।