
ग्रेटर नोएडा। कोरोना (Corona) दिल्ली (Delhi) के बाद गौतम बुद्ध नगर (Gautam Budh Nagar) और गाजियाबाद (Ghaziabad) में भी दस्तक दे चुका है। गाजियाबाद में इसके दो केस सामने आ चुके हैं। नोएडा (Noida) में भी एक रिपोर्ट पॉजिटिव आने की खबर आने के बाद साफ किया गया कि पीड़ित ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी में काम करता है और वह दिल्ली का रहने वाला है।
कई देशों की कर चुका है यात्रा
दिल्ली में रहने वाले एक शख्स में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। वह ग्रेटर नोएडा में एक कंपनी में काम कर रहा है। उसका दादरी मेन रोड पर ऑफिस है। पीड़ित कंपनी में अधिकारी के पद पर हैं। वह इटली और चीन समेत कई देशों में कारोबार के मामले यात्रा कर चुका है।
दिल्ली में चल रहा है इलाज
जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को कंपनी के स्टाफ में खलबली मची रही। गौतम बुद्ध नगर के सीएमओ अनुराग भार्गव के अनुसार, पीड़ित दिल्ली का रहने वाला है। वह यहां एक कंपनी में काम करता है। शख्स का नोएडा में एक मकान भी है। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। लक्षण सामने आने से पहले वह कंपनी में कई लोगों के संपर्क में आ चुका था। जानकारी के अनुसार, कोरोना पीड़ित रोजाना निजी कार या कैब से नोएडा आता था। उसके संपर्क में आने वाले सभी लोगों को स्क्रीनिंग के लिए गुरुवार को ऑफिस में बुलाया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने कंपनी को केवल उन कर्मियों को ऑफिस बुलाने को कहा है, जिनका आना जरूरी है।
43 की रिपोर्ट आनी है बाकी
सीएमओ ने कहा कि कंपनी के स्टाफ को घर में रुकने को कहा गया है। उनको सार्वजनिक जगहों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है। पीड़ित के साथ काम करने वाले सीाी लोगों के नाम, पते और मोबाइल नंबर ले लिए गए हैं। करीब 700 कर्मचारियों को घर पर रहने को कहा गया है। उन पर निगरानी रखी जा रही है। बता दें कि अब तक नोएडा में कोरोना का एक कंफर्म केस मिला है जबकि 43 संदिग्धों की रिपोर्ट आनी बाकी है। करीब 900 लोग निगरानी में रखे गए हैं।