ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा की चिप फैक्ट्री में भीषण आग, बुझाने के दौरान दीवार गिरी, 2 फायरकर्मियों की मौत

Electronic Chip Factory Fire: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप फैक्ट्री में भीषण आग के दौरान दीवार गिरने से दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं।
2 min read
Greater Noida Fire
दीवार गिरने से 2 फायरकर्मियों की मौत (X Photo himanshu kanpur)

Greater Noida Fire: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली आईएलजीआईएम कंपनी में सोमवार देर रात लगी भीषण आग ने दो फायरकर्मियों की जान ले ली। आग बुझाने के दौरान कंपनी की दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया, जिससे पांच फायरकर्मी मलबे में दब गए। हादसे में दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। आग पर काबू पा लिया गया है, जबकि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

आग की सूचना मिलते ही पहुंचीं कई दमकल गाड़ियां

पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र स्थित आईएलजीआईएम कंपनी में आग लगने की सूचना मिली। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम होता है। सूचना मिलते ही ईकोटेक-3 पुलिस और फायर सर्विस की कई टीमें दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दीवार और बीम गिरने से हुआ हादसा

दमकलकर्मी आग बुझाने में लगे हुए थे, तभी कंपनी की साइड की दीवार और लोहे का बीम अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आकर मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद पुलिस और अन्य दमकलकर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को मलबे से निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में दो फायरकर्मियों को मृत घोषित किया गया

अस्पताल में डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार और फायरमैन अमित कुमार का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके पर तलाशी अभियान चलाया और पूरे क्षेत्र की जांच की। कई घंटे की मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद कंपनी परिसर में सुरक्षा जांच भी की गई। पुलिस ने दोनों मृत फायरकर्मियों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और हादसे के समय दीवार व लोहे का बीम क्यों गिरा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
04 Aug 2026 09:06 am
Published on:
04 Aug 2026 09:06 am