ग्रेटर नोएडा

जिस आग से लोगों को बचाने पहुंचे, उसी में गई 2 दमकलकर्मियों की जान; ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा

Greater Noida Latest News: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 स्थित ILGIM कंपनी में लगी आग बुझाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दीवार और लोहे का बीम गिरने से पांच दमकलकर्मी घायल हो गए। इलाज के दौरान दो फायरकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन की हालत खतरे से बाहर है।
2 min read
Greater Noida Fire News
आग बुझाने के दौरान हादसे के बाद मौके पर खड़ी दमकल गाड़ी और आसपास बिखरा मलबा। (फोटो सोर्स- ANI)

Greater Noida Fire: ग्रेटर नोएडा में सोमवार देर रात एक फैक्ट्री में लगी आग बुझाने पहुंचे दमकलकर्मियों के साथ बड़ा हादसा हो गया। आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान फैक्ट्री की एक दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया। इसके नीचे दबने से पांच दमकलकर्मी घायल हो गए। इनमें दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

यह हादसा ईकोटेक-3 इलाके में स्थित ILGIM कंपनी में हुआ। कंपनी में इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने का काम होता है। सोमवार देर रात फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की कई गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया गया।

अचानक गिरी फैक्ट्री की साइड की दीवार

दमकलकर्मी काफी देर तक आग पर काबू पाने में जुटे रहे। इसी दौरान फैक्ट्री की साइड की दीवार अचानक गिर गई। उसके साथ लोहे का एक बीम भी नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में पांच दमकलकर्मी आ गए और सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद दूसरे दमकलकर्मियों और पुलिस टीम ने तुरंत बचाव का काम शुरू किया। मलबे में दबे सभी पांचों कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह, फायरमैन अमित कुमार और फायरमैन रोहित यादव शामिल थे। अस्पताल में इलाज के दौरान फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीर्थपाल सिंह की मौत हो गई। वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

SDRF ने संभाला मोर्चा, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही बड़े पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। मलबे में कोई और व्यक्ति न फंसा हो, यह देखने के लिए SDRF की टीम को भी बुलाया गया। राहत और बचाव का काम पूरा होने के बाद स्थिति को संभाल लिया गया।

फिलहाल फैक्ट्री में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। दोनों मृत दमकलकर्मियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फैक्ट्री में आग कैसे लगी और दीवार व बीम गिरने की वजह क्या रही। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर दिखा दिया कि दूसरों की जान बचाने के लिए आग के बीच पहुंचने वाले दमकलकर्मियों को खुद कितने बड़े खतरे का सामना करना पड़ता है।

Updated on:
04 Aug 2026 09:04 am
Published on:
04 Aug 2026 09:00 am