दुबई की अदालत में एक भारतीय व्यक्ति पर महिला को देर रात टहलने के दौरान गलत तरीके से छूने के आरोप तय किए गए हैं।
दुबई: दुबई की अदालत ने भारतीय व्यक्ति पर एक महिला को देर रात टहलने के दौरान अमर्यादित तरीके से छूने के मामले में आरोप तय किए हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, अभियोजन पक्ष ने सोमवार को 30 वर्षीय भारतीय पर अचानक फिलीपींस की महिला से बातचीत करने, अमर्यादित तरीके से छूने और उसके बाद घटनास्थल से भाग जाने का आरोप लगाया। हालांकि आरोपी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है और कहा कि उसने अनजाने में महिला को छुआ।
यह है पूरा मामला
शिकायतकर्ता 25 वर्षीय महिला वेटर है और उसने अभियोजक से कहा कि वह आरोपी को नहीं जानती। उसने कहा, "3 अगस्त को रात के 1 बजकर 20 मिनट पर, मैं एक रेस्तरां के पास थी और एक सुपरमार्केट जाने वाली थी। मेरा दोस्त मेरे साथ था। पांच से छह लोग विपरीत दिशा से आए। उनमें से एक ने मुझे जानबूझकर छुआ। मैं उस पर चिल्लाई, लेकिन उसने मुझे काफी अभद्र तरीके से जवाब दिया। वह लगातार बदतमीजी करता रहा। एक अफ्रीकी व्यक्ति ने उसे सख्ती से रोका तब मैंने राहत की सांस ली।
11 अक्टूबर को सुनाया जाएगा फैसला
दुबई की अदालत इस मामले में सजा पर फैसला 11 अक्टूबर को सुनाया जाएगी। आरोप लगाने वाली महिला को उम्मीद है कि फैसला उसके हक में आएगा जबकि भारतीय शख्स को लगता है कि फैसले से साफ हो जाएगा कि वह निर्दोष है। माना जा रहा है कि कोर्ट में यह बात साबित हो चुकी है कि आरोपी ने महिला को गलत तरीके से छुआ है। इसलिए आरोपी को इस मामले में सजा भी हो सकती है।