
Guna Lady Constable Nisha Sharma: मध्यप्रदेश के गुना में आत्महत्या करने वाली लेडी कॉन्स्टेबल निशा शर्मा अपना जेंडर चेंज कराना चाहती थीं, उन्होंने इसके लिए विभाग में आवेदन भी दिया था। निशा शर्मा अशोकनगर की रहने वाली थीं और गुना कोतवाली थाने में पदस्थ थीं। दो दिन की छुट्टी पर निशा अशोकनगर अपने घर गईं थीं और वहां से लौटने के बाद उन्होंने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है लेकिन चर्चाएं हैं कि परिजन शादी का दबाव बना रहे थे, जबकि वो अभी शादी नहीं करना चाहती थीं।
2016 बैच की आरक्षक निशा शर्मा बॉयकट हेयर स्टाइल, हाथ पर टैटू और बुलेट चलाने के लिए जानी जाती थीं। चर्चा यह भी है कि निशा के हाव-भाव लड़कों जैसे थे। परिजन उन पर शादी के लिए दबाव बना रहे थे, जबकि वे अभी शादी नहीं करना चाहती थीं। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने बताया कि आत्महत्या के कारणों के संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट निष्कर्ष सामने नहीं आया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके यहां पहुंचने से पहले जेंडर परिवर्तन संबंधी आवेदन निशा शर्मा के द्वारा दिए जाने की जानकारी मिली है, जिसकी भी तथ्यात्मक जांच की जा रही है।
निशा की मौत की खबर मिलने के बाद गुना पहुंचे परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। निशा की बहन की हालत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहीं रुंधे गले से पिता अशोक शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम को ही निशा ने मुझसे और मां व भाई से फोन पर हंसी-खुशी बात की थी। निशा ने कहा था कि पापा चिंता मत करना, मैं सुरक्षित गुना पहुंच गई हूं। जब 2016 में वह पुलिस में भर्ती हुई थी, तब पूरे परिवार में भारी उत्साह था। यह भी जानकारी मिली है कि मंगलवार सुबह ही एक सहेली भी उनसे मिलने क्वार्टर पर पहुंची थी। ऐसे में महज कुछ घंटों के भीतर ऐसा क्या हुआ कि यह खौफनाक कदम उठाना पड़ा, यह रहस्य बना हुआ है।
गुना के कोतवाली थाने में पदस्थ 32 वर्षीय लेडी कॉन्स्टेबल निशा शर्मा ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस क्वार्टर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह से निशा शर्मा के घर में कोई हलचल न होने और दोपहर तक घर का दरवाजा न खुलने के कारण आस पड़ोस में रहने वाले परिवारों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो लेडी कॉन्स्टेबल निशा शर्मा फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली थीं। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, जिसके कारण आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।