गुना

दो दिन की छुट्टी से लौटने के बाद लेडी कॉन्स्टेबल ने की आत्महत्या, गुना में पुलिस क्वार्टर में मिला शव

Lady Constable Suicide: गुना के कोतवाली थाने में पदस्थ थीं लेडी कॉन्स्टेबल, अशोकनगर जिले की रहने वाली थीं, सुबह से घर का दरवाजा बंद होने और घर में कोई हलचल न होने पर पड़ोसियों को हुआ शक।

2 min read
Jun 09, 2026
Lady Constable Nisha Sharma
Lady Constable Nisha Sharma (महिला आरक्षक निशा शर्मा की जीवित अवस्था की तस्वीरें source- patrika)

Guna Lady Constable Nisha Sharma: मध्यप्रदेश के गुना में एक लेडी कॉन्स्टेबल ने पुलिस क्वार्टर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लेडी कॉन्स्टेबल का शव क्वार्टर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुटी हुई है।

अशोकनगर जिले की रहने वाली थीं लेडी कॉन्स्टेबल

गुना के कोतवाली थाने में पदस्थ 25 वर्षीय लेडी कॉन्स्टेबल निशा शर्मा ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस क्वार्टर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। निशा शर्मा अशोकनगर जिले की रहने वाली थीं। सुबह से निशा शर्मा के घर में कोई हलचल न होने और दोपहर तक घर का दरवाजा न खुलने के कारण आस पड़ोस में रहने वाले परिवारों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक दरवाजा खटखटाया। जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और अंदर पहुंची तो लेडी कॉन्स्टेबल निशा शर्मा को फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा।

2 दिन की छुट्टी से लौटी थीं

लेडी कॉन्स्टेबल के आत्महत्या करने की खबर से विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत अधिकारी मौके पर पहुंचे। गुना एसपी हितिका वासल ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि निशा शर्मा अशोकनगर जिले की रहने वाली थीं और दो दिन की छुट्टी पर अपने घर गई थीं। छुट्टी खत्म होने के बाद वो सोमवार शाम को ही गुना ड्यूटी पर लौटकर आई थीं। पड़ोसियों से मिली सूचना पर जब पुलिस टीम घर का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो लेडी कॉन्स्टेबल को फांसी के फंदे पर लटकते हुए पाया।

नहीं मिला सुसाइड नोट

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिसके कारण आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, परिजनों के बयानों के बाद और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के असली कारणों का पता चलने की बात पुलिस अधिकारियों द्वारा कही गई है।

Published on:
09 Jun 2026 03:57 pm