गुना

Guna News: भतीजे के शादीशुदा महिला के साथ चले जाने के विवाद के बाद चाचा की मौत, कथित प्रताड़ना के आरोपों की जांच जारी

Man Death Case: व्यक्ति की मौत के बाद कथित प्रताड़ना और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की जांच में जुटी पुलिस, परिजनों का आरोप मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद मानसिक रुप से परेशान थे।
2 min read
Aug 07, 2026
guna news
man death linked to viral video claims, प्रतीकात्मक तस्वीर (Source-patrika)

गुना से वीरेन्द्र जोशी की रिपोर्ट
Guna man Death Case: मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक व्यक्ति की मौत के बाद उसके साथ मारपीट किए जाने व वीडियो बनाकर वायरल किए जाने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि मृतक का भतीजा कुछ दिनों पहले एक शादीशुदा महिला को लेकर चला गया था, इसके बाद महिला के ससुराल वालों ने युवक के चाचा के साथ मारपीट करने और कथित अपमानजनक व्यवहार के वीडियो बनाने के आरोप लगाए हैं। हाल ही में मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप भी मृतक के परिजनों ने लगाए हैं।

शादीशुदा महिला को भगाकर ले गया था भतीजा

आरोप है कि करीब सवा महीने पहले आरोन थाना क्षेत्र के गांव का रहने वाला एक युवक राघौगढ़ की जंजाली चौकी क्षेत्र में रहने वाली एक शादीशुदा महिला को भगाकर अपने साथ ले गया था। इस घटना के बाद शादीशुदा महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने युवक के चाचा को पकड़कर बंधक बना लिया। बंधक बनाने के बाद चाचा के साथ मारपीट की गई और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में जुलूस निकाला गया। बर्बरता के वीडियो भी महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने बनाए थे। घटना की सूचना पर तब पुलिस मौके पर पहुंची थी और पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया था।

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि शुक्रवार को भाई किसी काम से आरोन गया था, जहां उसे उसके किसी परिचित ने अपने मोबाइल फोन में वह वीडियो दिखाया जो महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया था। 18 सेकंड के वीडियो को देखने के बाद उसे इस कदर शर्मिंदगी महसूस हुई कि उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया और घर जाकर परिजनों को इसके बारे में बताया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गुना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन गुना अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में ही मौत हो गई।

परिवार में शोक का माहौल

मृतक की पांच बेटियां व एक चार साल का बेटा है, इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरा परिवार सदमे में है। मृतक की पत्नी व मासूम बेटियों और बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है। चौकी प्रभारी जंजाली रसना राजावत ने बताया कि महिला को लेकर आरोन क्षेत्र के एक गांव के लोगों की होरिबे गांव में पंचायत हुई थी। उस दिन क्या घटनाक्रम हुआ है यह तो मुझे अभी याद नहीं है, हम पता करवा रहे हैं।

Updated on:
07 Aug 2026 10:02 pm
Published on:
07 Aug 2026 10:02 pm