गुवाहाटी

IIT कैंपस से घूमने निकलीं 2 छात्राएं ब्रह्मपुत्र नदी में गिरीं, 3 घंटे बाद NDRF ने एक का शव किया बरामद, दूसरी सुरक्षित

IIT Guwahati Student: आईआईटी गुवाहाटी की तीसरे वर्ष की बीटेक छात्रा की ब्रह्मपुत्र नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसा लठिया बगीचा घाट के पास हुआ। NDRF ने रेस्क्यू अभियान चलाकर छात्रा का शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरी छात्रा सुरक्षित है।
less than 1 minute read
Aug 02, 2026
IIT Guwahati Student Drown in Brahmaputra River
IIT गुवाहाटी की छात्रा की ब्रह्मपुत्र नदी में डूबने से मौत, दोस्त बची (AI Image)

Brahmaputra River: असम के गुवाहाटी से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) गुवाहाटी की एक बीटेक छात्रा की ब्रह्मपुत्र नदी में डूबने से मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, वह आंध्र प्रदेश के जमालपुर की रहने वाली थीं। हादसा शनिवार शाम शहर के लठिया बगीचा घाट के पास हुआ। छात्रा के साथ मौजूद उसकी दोस्त को समय रहते बचा लिया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों छात्राएं IIT गुवाहाटी परिसर से बाहर ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे समय बिताने गई थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और दोनों नदी में गिर गईं। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।

NDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) को मौके पर बुलाया गया। गोताखोरों की टीम ने तुरंत खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीम ने एक छात्रा को करीब 10 मिनट के भीतर सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरी छात्रा की तलाश लगभग तीन घंटे तक चली। बाद में उसका शव नदी से बरामद किया गया।

IIT Guwahati ने जताया गहरा शोक

IIT गुवाहाटी ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि मृतक छात्रा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) विभाग की बीटेक तृतीय वर्ष की छात्रा थी।

संस्थान ने अपने बयान में कहा कि यह IIT गुवाहाटी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। संस्थान ने छात्रा के परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में हरसंभव सहायता देने का भरोसा भी दिलाया।

इस बीच, पुलिस ने मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह एक दुर्घटनावश हुआ हादसा प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है ताकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।

Updated on:
02 Aug 2026 05:12 pm
Published on:
02 Aug 2026 05:12 pm