
असम सरकार के मंत्री की बेटी Gen Z प्रोटेस्ट में हुई शामिल, फोटो सोर्स- @IndiaTodayNE एक्स हैंडल
Assam Minister Keshav Mahanta daughter: असम की राजनीति में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब सत्तारूढ़ असम गण परिषद (AGP) के वरिष्ठ नेता और राज्य के राजस्व मंत्री केशव महंत की बेटी दिबिसा महंत खुद सड़कों पर उतर आईं। दिबिसा गुरुवार को गुवाहाटी के चाचल में NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुईं।
छात्रों के साथ विरोध स्थल पर पहुंचीं दिबिसा महंत हाथ में तख्तियां लिए केंद्र सरकार के खिलाफ जवाबदेही तय करने की मांग करती नजर आईं। प्रदर्शन के दौरान उनके द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री के खिलाफ की गई नारेबाजी के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
गौरतलब है कि केशव महंत साल 2016 से असम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में लगातार कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष अतुल बोरा के बाद वे असम गण परिषद (AGP) के दूसरे सबसे कद्दावर और प्रभावशाली चेहरे के रूप में जाने जाते हैं। असम की राज्य राजनीति में एजीपी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और वह भाजपा की सबसे पुरानी सहयोगी दलों में से एक है।
ऐसे में, अपने ही गठबंधन की केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसलों के खिलाफ एक वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री की बेटी का यूं सड़कों पर उतरना, हाथ में तख्तियां लेकर नारेबाजी करना और विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनना असम से लेकर दिल्ली तक भारी चर्चा का विषय बन गया है। इस कदम ने न केवल सत्ताधारी गठबंधन के भीतर असहज स्थिति पैदा कर दी है, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी तरह-तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम पर जब संवाददाताओं ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से सवाल किया, तो उन्होंने बेहद संतुलित रुख अपनाया। दरअसल, उन्होंने कहा कि सीएम सरमा ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के शांतिपूर्ण आंदोलन करने के अधिकार का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री खुद NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं की गहन जांच करवा रहे हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य की विकट स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि असम इस समय भीषण बाढ़ की विभीषिका झेल रहा है। राज्य बुरी तरह प्रभावित है, इसलिए मेरी अपील है कि सभी का ध्यान इस प्राकृतिक आपदा पर भी केंद्रित होना चाहिए। चाचल में हुआ यह छात्र प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा। मौके पर तैनात पुलिस बल ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे और किसी भी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।
Updated on:
25 Jul 2026 12:51 pm
Published on:
25 Jul 2026 12:51 pm
