ग्वालियर

पर्चे में लिखा मिला ‘कालसर्प योग…’, घर नहीं पहुंचा शिवम, ग्वालियर में किया सुसाइड

suicide news: शिवम की लाश कारखाने के भीतर लहूलुहान हालत में पड़ी थी। पास ही अबीर की अवैध पिस्टल पड़ी हुई थी।

2 min read
Young man commits suicide: बैटरी कारोबारी शिवम परिवार में एकलौते बेटे थे। (Photo Source - Patrika)
Young man commits suicide: बैटरी कारोबारी शिवम परिवार में एकलौते बेटे थे। (Photo Source - Patrika)

Young man commits suicide: मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में बीते दिन जिंदगी से हताश होकर एक युवा बैटरी कारोबारी ने अपनी कनपटी पर पिस्टल सटाकर खुदकुशी कर ली। इस केस में बहोड़ापुर थाना टीआई आलोक सिंह परिहार ने बताया कि तलाशी के दौरान शिवम के पर्स से एक पर्चा मिला है, जिसमें ज्योतिष और धार्मिक बातें लिखी हैं। इसमें कालसर्प योग, उसके निवारण का तरीका, अंगूठी के रत्ती का माप और हनुमान चालीसा की चौपाइयां दर्ज हैं। इससे माना जा रहा है कि शिवम धार्मिक व्यक्ति था। पुलिस अब कई एंगलों से जांच कर रही है।

ये है पूरा मामला

कारोबारी शिवम की खून से सनी लाश यातायात नगर स्थित उसके कारखाने में पूजा मंदिर के ठीक सामने पड़ी मिली। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला , जबकि मृतक का मोबाइल फोन पैटर्न लॉक था। पुलिस मोबाइल को अनलॉक कराकर खुदकुशी के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

गुब्बारा फाटक निवासी राजेश गुप्ता के 32 वर्षीय अविवाहित बेटे शिवम गुप्ता का यातायात नगर में लोकल बैटरी बनाने और सुधारने का कारखाना था। पुलिस के अनुसार रात करीब 9 बजे आखिरी बार शिवम की परिजनों से मोबाइल पर बात हुई थी, जिसके फोन बाद स्विच ऑफ हो गया। रातभर जब शिवम घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सुबह करीब 5 बजे परिजन जब कारखाने पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

कनपटी के पार गई गोली

शिवम की लाश कारखाने के भीतर लहूलुहान हालत में पड़ी थी। पास ही अबीर की अवैध पिस्टल पड़ी हुई थी। आशंका है कि शिवम ने पिस्टल को कनपटी से सटाकर ट्रिगर दबाया, जिससे गोली सिर को चीरते हुए आर-पार निकल गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से अवैध पिस्टल और मृतक का मोबाइल जब्त किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

परिवार में मचा कोहराम

बताया जा रहा है कि शिवम अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और बैटरी का कारोबार करते थे। परिवार के अनुसार वह सामान्य रूप से काम पर गए थे और उन्होंने किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। ऐसे में उनकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि ये मामला आतिमहत्या का है या हत्या का है। मोबाइल की कॉल डिटेल और आखिरी बार किससे बातचीत हुई थी, इसकी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन घटनास्थल से अवैध पिस्टल मिलने के कारण पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Published on:
11 Jun 2026 03:02 pm