
Dacoits Terror Return In Chambal (चंबल में फिर लौटा डकैतों का खौफ Photo Source- Patrika)
Gwalior News :मध्य प्रदेश के अंतर्गत आने वाले ग्वालियर - चंबल में डकैतों का खौफ दोबारा पनपने लगा है। 9 महीने पहले गुर्जा गांव (तिघरा) में घुसकर गनप्वाइंट पर गर्भवती महिला को अगवा करने वाले डकैत कल्ली गुर्जर ने रविवार को दिनदहाड़े एबी रोड को दहला दिया। डकैत और उसके साथियों ने दिल्ली से भोपाल परचून लेकर जा रहे ट्रक को बंदूकों की नोंक रोककर चालक से टैरर टैक्स मांगा और पैसा नहीं देने पर डकैत गैंग ने कंटेनर के 12 टायर गोली मारकर फोड़ दिए। ड्राइवर को धमकी दी कि अपने मालिक से कह देना है हाइवे पर चलना है तो उसे पैसा देना पड़ेगा। डकैतों के खुलेआम हाइवे पर फायरिंग से दहशत हो गई एबी रोड से निकल रहे वाहन थम गए। खुलेआम आतंक मचाकर डकैत गिरोह सिंघाईगढ़ा गांव के कच्चे रास्ते से भाग गया।
डकैत कल्ली गुर्जर और उसके तीन साथियों ने आतंक रविवार दोपहर करीब 11.30 बजे सिरसा गांव से कुछ दूर सिंघाईगढ़ा गांव (मोहना और घाटीगांव के बीच) मचाया। घनश्याम सिंह गुर्जर निवासी नजीराबाद भोपाल ने बताया, वह गुरुकृपा ट्रांसपोर्ट कंपनी में ड्राइवर की नौकरी करते हैं। 26 जुलाई को हेल्पर चेतराम तोमर के साथ कंटेनर आरजे 11 जीबी 8882 में परचून भरकर दिल्ली से भोपाल जा रहे थे। दोपहर को सिरसा गांव क्रास कर सिंघाईगढा से गुजर रहे थे तब सफेद रंग की बिना नंबर की जीप से डकैत कल्ली गुर्जर और उसके साथी ट्रक का पीछा करते हुए। डकैतों ने ट्रक को ओवर टेक कर रोककर वारदात की।
धनश्याम सिंह ने बताया, जीप से उतरकर डकैतों ने बंदूकें तान दीं। गैंगलीडर का कल्ली गुर्जर निवासी बरवासिन, मुरैना और उसके दो साथी थे। गैंग ने पैसा मांगा लेकिन उन्हें पैसा नहीं दिया तो डकैत कल्ली गुर्जर ने 12 बोर की बंदूक से कंटेनर के टायर फायरिंग कर दी। उसने अंधाधुंध गोलियां चलाकर कंटेनर के 12 टायर फोड दिए और कांच को गोली मारकर चकनाचूर कर दिया। उसके बाद डकैत गैंग धमकी देकर भाग गई।
डकैत कल्ली गुर्जर और उसके साथी योगी गुर्जर ने नौ महीने पहले तिघरा के गुर्जा गांव में घुसकर अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं। आतंक मचाकर डकैत गैंग गांव में रहने वाले बृजलाल गुर्जर की गर्भवती बहू को अगवा कर ले गया था। इस वारदात में डकैत योगी गुर्जर सहित उसके कुछ साथी पकड़े गए थे लेकिन मास्टरमाइंड कल्ली गुर्जर फरार था। रविवार को उसने दिनदहाड़े फिर वारदात कर दी।
एएसपी देहात जयराज कुबेर का कहना है कि, वारदात मोहना और घाटीगांव के बीच में रविवार दोपहर की है। ट्रक चालक की शिकायत पर केस दर्ज किया है। डकैतों की तलाश की जा रही है।
Updated on:
27 Jul 2026 06:50 am
Published on:
27 Jul 2026 06:50 am
