
ग्वालियर। भाभी की बहन का होमगार्ड में प्लाटून कमांडर पर चयन होने पर देवर उससे शादी करने की जिद पर अड़ गया। मना करने पर भाभी की छोटी बहन को जबरन अपने साथ ले जाने लगा। रोकने पर ससुर की मारपीट कर दी, फिर जेब से ब्लेड निकालकर खुद के गले और चेहरे पर मारकर हजीरा थाने पहुंच गया। पीछे से ससुर भी थाने पहुंच गया, पुलिस को माजरा समझ में आया तो देवर पर एफआईआर दर्ज की।
पुलिस के मुताबिक गदाईपुरा निवासी रमाकांत तिवारी ने बड़ी बेटी रानी की शादी मौ-भिंड में की थी। उनकी दो और बेटियां हैं। मझली बेटी पूजा होमगार्ड में प्लाटून कमांडर बन गई है। वर्तमान में जबलपुर में ट्रेनिंग कर रही है। छोटी बेटी आरती का भी पुलिस में महिला आरक्षक के पद पर चयन हो गया है। रानी का देवर रवि त्यागी पूजा से शादी करने की जिद पर अड़ा था, शुक्रवार को शादी का प्रस्ताव लेकर भाई की ससुराल पहुंच गया।
शादी के लिए कहा तो पूजा के पिता ने मना कर दिया। इस पर वह भड़क गया। आरती का हाथ पकड़कर जबरन उसे ले जाने लगा। रमाकांत ने विरोध किया तो उसकी मारपीट कर दी। फिर उन्हें धमकाते हुए जेब से ब्लेड निकाला और खुद पर वार कर लिए। वहां से दौड़ता हुआ हजीरा थानेे पहुंचा और रमाकांत पर मारपीट के आरोप लगाते हुए एफआइआर करानी चाही। लेकिन पीछे से रमाकांत भी पहुंच गए। पुलिस को पूरी घटना बताई। इस पर रवि के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज किया गया।
फोन पर धमकी देता
रवि पर शादी करने का भूत इस कदर हावी था कि वह रमाकांत और उसके घर वालों को फोन पर धमकाता। बेटी का देवर होने के कारण वह हमेशा उसे समझाते रहे। लेकिन घर आकर उसनेे जो तमाशा खड़ा किया तब उन्हें पुलिस का सहारा लेना पड़ा।
पैसों का लेनदेन भी आया सामने
रमाकांत ने बेटी की ससुराल वालों से 17 हजार रुपए उधार लिए थे, उन रुपयों को लेकर भी रवि पूजा से शादी करने का दबाव बनाता। हालांकि बाद में रमाकांत ने उधारी पटा दी। फिर भी रवि ने उन्हें परेशान करना नहीं छोड़ा।
इनका कहना है
रवि ने घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी है। उस पर एफआइआर कर ली है।
अमित भदौरिया, टीआई, हजीरा थाना