हनुमानगढ़

CBSE 12th Result: हनुमानगढ़ जिले में अभिनंदिनी और तान्या ने मारी बाजी, 98 फीसदी से अधिक अंक हासिल कर लहराया परचम

CBSE 12th Result: सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में हनुमानगढ़ जिले की बेटियों ने शानदार सफलता हासिल कर सबका ध्यान खींच लिया। कला संकाय में अभिनंदिनी शेखावत ने 98.60 प्रतिशत और कॉमर्स में तान्या ने 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया, जिसके बाद स्कूलों और घरों में जश्न का माहौल रहा।

2 min read
अभिनंदिनी और तान्या (फोटो-पत्रिका)

हनुमानगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित होते ही हनुमानगढ़ जिले में खुशी का माहौल छा गया। जिले की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। कला संकाय में अभिनंदिनी शेखावत ने 98.60 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, वहीं वाणिज्य संकाय में तान्या ने 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया।

परिणाम घोषित होते ही स्कूलों और विद्यार्थियों के घरों में उत्सव जैसा माहौल बन गया। टॉपर्स को बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। परिजनों ने मिठाई खिलाकर बच्चों की सफलता का जश्न मनाया। कई स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।

ये भी पढ़ें

CBSE 12th Result: योगिता बिश्नोई ने 98.6% अंक हासिल कर श्रीगंगानगर जिले में किया टॉप, खुशबू और चेष्ठा ने भी मारी बाजी

समाज में बदलाव लाना चाहती हैं अभिनंदिनी

हनुमानगढ़ टाउन निवासी कविंदर सिंह शेखावत की पुत्री अभिनंदिनी शेखावत ने कला वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन किया। अभिनंदिनी ने बताया कि उनका सपना साइकोलॉजी के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। उनका मानना है कि शिक्षा केवल अंक हासिल करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि समाज को बेहतर बनाने का माध्यम भी बननी चाहिए। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे एनसीईआरटी की पुस्तकों का गहराई से अध्ययन करें और नियमित पढ़ाई को अपनी आदत बनाएं।

सीए बनना चाहती हैं तान्या

वहीं जितेंद्र कुमार की पुत्री तान्या ने कॉमर्स संकाय में 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार उपलब्धि हासिल की। तान्या ने बताया कि वे आगे चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) की तैयारी करना चाहती हैं और इसी क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए समय प्रबंधन और अनुशासन बेहद जरूरी है।

सोशल मीडिया से दूरी जरूरी

विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया। कई छात्रों ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई पर फोकस किया, जिसका सकारात्मक परिणाम मिला। टॉपर्स का कहना था कि स्कूल के समय के अलावा रोजाना तीन से चार घंटे सेल्फ स्टडी करने से विषयों की बेहतर समझ विकसित होती है।

भविष्य की योजनाओं में जुटे छात्र

परीक्षा परिणाम के बाद अब विद्यार्थी अपने भविष्य की योजनाओं में जुट गए हैं। कोई इंजीनियरिंग और मेडिकल क्षेत्र में जाना चाहता है तो कोई प्रशासनिक सेवाओं और कॉमर्स क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में भी परीक्षा परिणाम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: राजस्थान पुलिस परिवारों के लिए आई राहत की खबर, अब रिटायर्ड कर्मियों को भी मिलेगी मदद, पढ़ें पूरी खबर
Also Read
View All