
फोटो वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।
हनुमानगढ़। भादरा क्षेत्र के गांव मलसीसर में बस में एक रुपया कम देने को लेकर एक नाबालिग की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना 8 मई की है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घायल नाबालिग का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित के पिता ने भादरा थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर परिवारों में किसी तरह की पुरानी रंजिश से इनकार किया है। हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार नाबालिग भादरा से मलसीसर जा रहा था। बस में किराए को लेकर उसका कंडक्टर से विवाद हो गया। नाबालिग ने किराए के रूप में 10 रुपए दिए, लेकिन कंडक्टर ने एक रुपया और मांगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
इसी दौरान बस में सवार गांव का ही भगवानाराम भी वहां मौजूद था। उसके पिता चुन्नीराम पहले उसी बस में चालक रह चुके हैं, जिससे भगवानाराम कंडक्टर को जानता था। उसने कंडक्टर का पक्ष लिया, जिससे नाबालिग और भगवानाराम के बीच भी विवाद बढ़ गया।
जब बस मलसीसर बस स्टैंड पर पहुंची तो भगवानाराम ने गांव के दो-तीन लोगों को बुला लिया। इसके बाद आरोपितों ने नाबालिग को जबरन बस से नीचे उतार लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि भगवानाराम सहित अन्य लोगों ने लोहे की रॉड और लाठियों से उसे पीटा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर नाबालिग को बचाया।
हमले में नाबालिग के चेहरे, आंख, हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकों के अनुसार उसके चेहरे की हड्डी में फ्रैक्चर भी बताया गया है। घटना के बाद घायल को तुरंत भादरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी ने बताया कि इस मामले में भगवानाराम पुत्र चुन्नी राम जाट, चुन्नीराम पुत्र रामलाल जाट, मानसिंह पुत्र लाधूराम सुथार ,प्रदीप उर्फ धोलू पुत्र महेंद्र कुमार जाट निवासी मलसीसर को गिरफ्तार किया गया हैं। वहीं अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच महेंद्र कुमार को सौंपी गई है।
Updated on:
11 May 2026 05:54 pm
Published on:
11 May 2026 05:48 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
