हनुमानगढ़

Hanumangarh Panchayat Chunav 2026 Results : हनुमानगढ़ जिला परिषद में कांग्रेस की प्रचंड जीत, भाजपा को लगा बड़ा झटका, मिलीं सिर्फ 7 सीटें

Hanumangarh Panchayat Chunav 2026 Results Live Updates : राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में हनुमानगढ़ जिला परिषद में कांग्रेस ने प्रचंड बहुमत हासिल कर लिया है। कुल 37 वार्डों में से कांग्रेस ने 26 सीटें जीतकर जिला परिषद पर अपना कब्जा जमा लिया।
3 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 7:04 PM IST
Hanumangarh panchayat chunav 2026 results live updates zila parishad panchayat samiti election result who will win
Hanumangarh Panchayat Chunav 2026 Results : चुनाव स्थल पर जनता। फोटो पत्रिका

Hanumangarh Panchayat Chunav 2026 Results Updates : राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में हनुमानगढ़ जिला परिषद में कांग्रेस ने प्रचंड बहुमत हासिल कर लिया है। कुल 37 वार्डों में से कांग्रेस ने 26 सीटें जीतकर जिला परिषद पर अपना कब्जा जमा लिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को महज सात सीटें मिलीं, जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने चार सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा की यह करारी हार मानी जा रही है। भाजपा की पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल भी चुनाव हार गईं। इस परिणाम से हनुमानगढ़ जिला परिषद पर कांग्रेस का पूरा नियंत्रण हो गया है। भाजपा की हार और पूर्व जिला प्रमुख की पराजय को स्थानीय स्तर पर पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। माकपा का प्रदर्शन स्थिर रहा।

हनुमानगढ़ पंचायत चुनावों में इस बार भी कांग्रेस का जिला प्रमुख बनने का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार को जिला परिषद सदस्यों तथा पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन को लेकर हुई मतगणना के बाद सभी नतीजे जारी कर दिए गए। जिला परिषद सदस्यों के घोषित परिणाम में कांग्रेस का प्रदर्शन पहले की तुलना में भी काफी अच्छा रहा। जबकि भाजपा की स्थिति कमजोर रही। जिला परिषद की 37 सीटों में कांग्रेस ने 26 सीटों पर जीत दर्ज की। जबकि भाजपा ने सात तथा सीपीआईएम ने चार सीटों पर जीत हासिल की। इस तरह जिला परिषद हनुमानगढ़ में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल करके जिला प्रमुख बनाने का रास्ता साफ कर दिया है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने दावा किया है कि जिला परिषद में बोर्ड कांग्रेस का ही बनेगा। अब सबकी नजरें 25 नवम्बर को होने वाली जिला प्रमुख चुनावों पर टिकी हुई है। इससे पूर्व निर्धारित समय पर मतगणना कार्य शुरू किया गया। जैसे ही जीत की घोषणा मिलती, विजेता प्रत्याशियों के समर्थक ढोल नगाड़े पर नाचते-गाते रहे। रंग-गुलाल खेलकर समर्थकों ने जीत की खुशियां मनाई।

यह दिग्गज जीते

जिला परिषद चुनावों में सबसे हॉट सीट संगरिया की जोन नंबर 24 मानी जा रही थी। इसमें भाजपा प्रत्याशी गुलाब सींवर तथा कांग्रेस प्रत्याशी शबनम गोदारा में मुकाबला था। यहां कांग्रेस की शबनम गोदारा ने जीत दर्ज की। इसी तरह जोन नंबर 32 से कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर की पत्नी सोनिया मैदान में थी। यहां सोनिया ने जीत हासिल कर कांग्रेस की स्थिति मजबूत की। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष काशीराम गोदारा की पत्नी सरस्वती देवी ने जोन नंबर 19 से जीत दर्ज की। जिला परिषद 28 नंबर जोन से पूर्व प्रधान जयदेव भिडासरा की पुत्रवधू वीनू भिडासरा ने जीत हासिल कर कांग्रेस को मजबूत किया।

पंचायत समितियों में ऐसा रहा पार्टियों का प्रदर्शन

हनुमानगढ़ जिले में कुल 208 पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव हुए। इसमें टिब्बी पंचायत समिति में कांग्रेस को 17, भाजपा को चार तथा निर्दलीयों को 02 सीटें मिली। रावतसर में कांग्रेस से 14, भाजपा से 02 तथा निर्दलीय एक प्रत्याशी जीते। संगरिया में कांग्रेस को 10, भाजपा को 05 तथा निर्दलीयों ने 04 सीटों पर जीत हासिल की। पीलीबंगा में कांग्रेस ने 17, भाजपा ने 03 तथा निर्दलीयों ने 03 सीटें जीती। नोहर में कांग्रेस को 20, भाजपा को 11, निर्दलीय को 02 तथा सीपीआईएम को 02 सीटें मिली। हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति में कांग्रेस ने 09, भाजपा ने 04, निर्दलीय ने 03 तथा सीपीआईएम ने 03 तथा आरएलपी ने 01 सीटें हासिल की। हनुमानगढ़ टाउन पंचायत समिति में कांग्रेस ने 10, भाजपा ने 04, निर्दलीय ने 02, सीपीआईएम ने 02 तथा आरएलपी ने 01 सीटों पर जीत दर्ज की। भादरा में कांग्रेस ने 01, भाजपा ने 03, निर्दलीयों ने 0, सीपीआईएम ने 15 सीटें हासिल की। राजपुरा पंचायत समिति में कांग्रेस ने 0, भाजपा ने 04, निर्दलीय ने 01 तथा सीपीआईएम ने 14 सीटों पर जीत हासिल की। पल्लू पंचायत समिति में कांग्रेस ने 07, भाजपा ने 06, निर्दलीय ने 01 तथा सीपीआईएम ने 01 सीट हासिल की।

दस पंचायत समितियों में 7 में कांग्रेस को बढ़त

हनुमानगढ़ जिले में इस बार 10 पंचायत समिति में प्रधान चुने जाएंगे। इसमें 7 पंचायत समितियों में कांग्रेस को बढ़त मिली है। जबकि दो पंचायत समिति मेंं माकपा तथा एक पंचायत समिति में भाजपा को बढ़त मिली है। इसके तहत टिब्बी की कुल 23 में से कांग्रेस को 17, रावतसर में कुल 17 में से कांग्रेस को 14, संगरिया में कुल 19 में से कांग्रेस को 10, पीलीबंगा में कुल 23 में से कांग्रेस को 17, हनुमानगढ़ जंक्शन की कुल 19 में से कांग्रेस को 09, हनुमानगढ़ टाउन में कुल 19 में से कांग्रेस को 10 तथा पल्लू में कुल 15 में से कांग्रेस को 07 सीटें मिली हैं। इस तरह उक्त पंचायत समितियों में कांग्रेस ने बढ़त हासिल की है। जबकि नोहर में कुल 35 पंचायत समिति सदस्यों में भाजपा को 20 सीटें मिली है। यहां भाजपा को बढ़त है। वहीं भादरा की कुल 19 में से सीपीआईएम को 15, राजपुरा पंचायत समिति की कुल 19 में से 14 सीटें सीपीआईएम ने हासिल की है। इन दोनों पंचायत समितियों में माकपा को बढ़त है।