हनुमानगढ़

Hanumangarh: 12वीं के छात्र की हत्या कर शव नहर में फेंका, लड़की से विवाद के चलते 2 दोस्त ही निकले कातिल

Hanumangarh News: हनुमानगढ़ के नोहर क्षेत्र में श्योरानी गांव के 17 वर्षीय छात्र आयुष मेघवाल की हत्या कर शव नहर में फेंकने का मामला सामने आया है। दादा की रिपोर्ट पर दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ। लड़की को लेकर विवाद की बात सामने आई है।
2 min read
Hanumangarh Murder
मृतक आयुष की फाइल फोटो (सोर्स-पत्रिका)

Hanumangarh Murder: नोहर (हनुमानगढ़): राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में नोहर थाना क्षेत्र के श्योरानी गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 17 वर्षीय छात्र की बेरहमी से हत्या कर उसका शव नहर में फेंक दिया गया। मृतक के दादा की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बता दें कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य दोनों नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामले की कमान थाना प्रभारी अजय गिरधर खुद संभाल रहे हैं। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में श्योरानी निवासी शीशपाल पुत्र मोटाराम मेघवाल ने बताया कि उनका 17 वर्षीय पोता आयुष (पुत्र राजेंद्र) गांव के ही राजकीय विद्यालय में कक्षा 12वीं का छात्र था।

29 जून की दोपहर आयुष के पास कुलदीप पुत्र जगदीश मेघवाल का फोन आया था। फोन आने के बाद आयुष बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

शुरुआती पूछताछ में आरोपी कुलदीप ने परिजनों को गुमराह करने की कोशिश की। उसने बताया कि वह और उसका साथी सोनू पुत्र कृष्ण मेघवाल, आयुष को जबरासर छोड़कर आए थे। लेकिन परिजनों को शक होने पर जब उन्होंने गहराई से पता लगाया, तो सामने आया कि एक युवती को लेकर आयुष का कुलदीप और सोनू के साथ पुराना विवाद चल रहा था।

नहर में मिला शव, सीसीटीवी में कैद हुए संदिग्ध

परिजनों की आशंका उस समय सच साबित हुई जब बुधवार को पुलिस को खुईयां फांटा नहर के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। शिनाख्त करने पर वह शव आयुष का ही निकला। परिजनों का आरोप है कि कुलदीप और सोनू ने अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर साजिश के तहत आयुष की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसके शव को नहर में फेंक दिया।

परिजनों के मुताबिक, गांव में लगे एक निजी सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में आयुष लापता होने वाले दिन दो युवकों के साथ बाइक पर बैठकर जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। यही फुटेज इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में सबसे बड़ा सबूत बना।

घटना के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस ने नए कानून भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अजय गिरधर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने दबिश देकर देर शाम तक दोनों नामजद आरोपियों कुलदीप और सोनू को राउंडअप कर लिया है। पुलिस अब उनसे गहनता से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या में शामिल अन्य चेहरों और पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जा सके।

Published on:
03 Jul 2026 04:06 pm