हापुड़

हापुड़ में दीपक की हत्या के बाद सपा सांसद को पुलिस ने रोका, अखिलेश यादव बोले- चुनाव आते ही बढ़ा PDA का उत्पीड़न

Akhilesh Yadav: हापुड़ में दलित युवक दीपक की हत्या के बाद सपा सांसद रामजी लाल सुमन को पुलिस ने गांव जाने से रोक दिया। इस पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर PDA समाज के उत्पीड़न का आरोप लगाया।
3 min read
Sep 10, 2026
Akhilesh Yadav
अखिलेश यादव और महासचिव रामजी लाल सुमन (X Photo Akhilesh Yadav)

Hapur Dalit Youth Murder Case: हापुड़ में दलित युवक दीपक की हत्या के बाद सियासत तेज हो गई है। मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे सपा सांसद और राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन को पुलिस ने गांव से करीब एक किलोमीटर पहले रोक दिया। इस दौरान सांसद और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। सांसद परिवार से मिले बिना लौटने को तैयार नहीं थे। मामले को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही PDA समाज के लोगों का उत्पीड़न बढ़ रहा है।

'जैसे-जैसे चुनाव पास आ रहे हैं BJP की हताशा बढ़ती जा रही'

सांसद रामजी लाल सुमन को रोके जाने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जैसे-जैसे चुनाव पास आ रहे हैं भाजपा की हताशा बढ़ती जा रही है, इसीलिए पीडीए समाज के लोगों का उत्पीड़न बढ़ रहा है। जिला हापुड़ के गांव बदनौली में दलित युवक दीपक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक दीपक के परिवार से मिलने और उन्हें सांत्वना देने जा रहे माननीय सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन को भारी पुलिस बल द्वारा रास्ते में रोके जाने पर विरोध प्रदर्शन किया।

परिवार से मिलने पर अड़े रहे सांसद

रामजी लाल सुमन बुधवार दोपहर गाजियाबाद के भोजपुर होते हुए बदनौली पहुंचे थे। गांव के पास पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें रोक लिया। सांसद ने कहा कि वह दीपक के परिवार को सांत्वना देने आए हैं और बिना परिवार से मिले वापस नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि परिवार बेहद गरीब है। परिवार में तीन लड़कियां हैं और दो लड़के थे, जिनमें से एक दीपक की मौत हो गई। छोटा भाई सरदार भी बेरोजगार है। सांसद ने कहा कि यह मानवीय संवेदना का सवाल है, इसलिए वह परिवार से मिलने आए हैं।

'आप पकड़ने के लिए आए हो', पुलिस से हुई नोकझोंक

पुलिस के रोकने पर सांसद ने कहा कि यह कोई तरीका नहीं है। आप पकड़ने के लिए आए हो। इस पर पुलिस ने जवाब दिया कि वे उन्हें पकड़ने नहीं आए हैं, बल्कि सहयोग का अनुरोध कर रहे हैं। पुलिस ने सांसद से गाड़ी में बैठने को कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया और पेड़ के नीचे खड़े हो गए। सांसद ने कहा कि पुलिस उनके साथ पीड़ित परिवार के घर चले और वह परिवार से मिलकर वापस लौट जाएंगे। पुलिस ने उनसे दो-चार दिन बाद स्थिति सामान्य होने पर आने का अनुरोध किया।

करीब आधे घंटे बाद पुलिस ने मृतक के पिता, भाई और अन्य परिजनों को मौके पर बुलाया। इसके बाद सांसद ने उनसे बातचीत की। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ गुण-दोष के आधार पर कड़ी कार्रवाई और परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग की।

'क्या हम बम और तोप चलाने जा रहे'

रामजी लाल सुमन ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या हम बम चलाने या तोप चलाने जा रहे हैं, जो उन्हें रोका जा रहा है। हमारे देश की परम्परा है जहां किसी के घर पर कोई हादसा हो जाता है तो घर पर बैठ कर शोक व्यक्त कर सांत्वना देने के लिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि बदनौली आने की जानकारी उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं तक को नहीं दी थी। वह चुपचाप दो गाड़ियों से परिवार से मिलने पहुंचे थे।

पुलिस बोली, शांति व्यवस्था के लिए रोका

थाना प्रभारी ने कहा कि सांसद को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोका गया था। पुलिस के मुताबिक, दीपक हत्याकांड में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है। रामजी लाल सुमन ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार फर्जी आंकड़ों और विज्ञापनों से नहीं चलती, बल्कि जनता के विश्वास से चलती है। उन्होंने दावा किया कि नौजवान सरकार के खिलाफ है और 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।

Updated on:
10 Sept 2026 01:02 pm
Published on:
10 Sept 2026 01:02 pm