Groom Refuses Marriage at Jaimala Stage : दूल्हे ने जयमाल स्टेज पर दुल्हन की हरकतें देखकर शादी करने से इनकार कर दिया।
हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में शादी समारोह उस समय विवाद में बदल गया, जब जयमाल से ठीक पहले दुल्हन की असामान्य हरकतों के चलते दूल्हे ने विवाह से इनकार कर दिया। काफी देर तक पंचायत, समझाने-बुझाने और पुलिस की कोशिशों के बावजूद दूल्हा नहीं माना और अंततः बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।
मामला पाली थाना क्षेत्र का है। यहां के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी शाहजहांपुर जिले के परौर थाना क्षेत्र के गांव देवहड़ा निवासी हरिपाल सिंह के बेटे भूपेंद्र से करीब एक साल पहले तय की थी। 6 फरवरी को तिलक की रस्म संपन्न हुई थी, जबकि 8 फरवरी को भूपेंद्र बारात लेकर पाली कस्बे के एक मैरिज लॉन पहुंचा।
बारात का जोरदार स्वागत किया गया और द्वारचार सहित सभी रस्में निभाई गईं। इसके बाद जयमाल कार्यक्रम के लिए दूल्हा स्टेज पर पहुंचा। कुछ देर बाद दुल्हन भी मंच पर आई, लेकिन स्टेज पर आते ही उसने अचानक टेढ़ा-मेढ़ा मुंह बनाना शुरू कर दिया और फिर अपने कपड़े इधर-उधर खींचने लगी।
दुल्हन की इस तरह की हरकतें देखकर दूल्हे को उसकी मानसिक स्थिति को लेकर संदेह हुआ। उसने वरमाला से ठीक पहले ही शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष ने बुखार और तबीयत खराब होने की बात कहकर दूल्हे को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।
काफी देर तक पंचायत चलती रही। रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दूल्हा शादी के लिए राजी नहीं हुआ।
आखिरकार दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी कि यदि 15–20 दिनों के भीतर लड़की की तबीयत सामान्य हो जाती है, तो दोबारा बारात आएगी। अन्यथा शादी में हुए खर्च और लेन-देन का आपसी निपटारा कर लिया जाएगा। तब तक दोनों पक्ष कहीं और शादी नहीं करेंगे।
पाली थाने के एसआई अतुल शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता कराया गया है। इसके बाद सुबह करीब पांच बजे दूल्हा बिना दुल्हन के ही बारात लेकर लौट गया।