
हाथरस। स्व्च्छ भारत मिशन के तहत जनपद में 100 ग्राम पंचायतें ओडीएफ होने के उपलक्ष्य में संबंधित ग्राम प्रधानों को आयुक्त अलीगढ़ मण्डल द्वारा सम्मानित किया गया। आयुक्त अलीगढ़ मण्डल सुभाष चंद्र शर्मा ने लैपटॉप पर क्लिक करके 100वीं ग्राम पंचायत रतनगढ़ी को ओडीएफ घोषित किया तथा जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह ने 101वीं ग्राम पंचायत गंगचैली को बटन दबाकर ओडीएफ घोषित किया। इस मौके पर आयुक्त ने दो पंचायत सचिवों द्वारा बनाये गये डेमो शौचालयों का लोकार्पण भी किया। इसी क्रम में आयुक्त ने ओडीएफ किये गये ग्राम पंचायतों के प्रधानों यतीश कुमार रतनगढ़ी, रवीन्द्र, अमित कुमार सिंह, गौरव सिंह, केला देवी, मुकेश, रूपवती, किरन देवी, रेखा देवी, अनीता देवी तथा जशुदा देवी प्रधान को सम्मानित किया
खुले में शौच करना सामाजिक बुराई
आयुक्त अलीगढ़ मण्डल सुभाष चन्द्र शर्मा ने प्रधानों को सम्बोधित करते हुये कहा कि हाथरस के लोग घरों में शौचालयों का निर्माण करा रहे हैं, मतलब लोगों को सरकारी तंत्र में विश्वास बढ़ रहा है। शौचालय से आप लोगों का भला होगा। खुले में शौच करने से मक्खी, मच्छर हमारे परिवेश में प्रवेश करके गंदगी फैलाते हैं। आज लोग शौचालय को इज्जत घर के रूप में संस्क्रतिक उपहार के तहत प्रयोग कर रहे हैं। घर में शौचालय न होने से बहू, बेटियों तथा महिलाओं को सबसे अधिक समस्या होती है। खुले मे शौच करना एक सामाजिक बुराई है, तथा समाज में विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैलती हैं। मल पर पलने वाले मक्खी तथा मच्छर हमारे संपर्क में आते हैं।
पोलियो मुक्त भारत की तरह गंदगी मुक्त हो भारत
हाथरस के अन्य प्रधान अपनी ग्राम पंचायतों को ओडीएफ करने के लिये होड़ कर लें तथा जनपद को पूरे प्रदेश में सबसे पहले ओडीएफ घोषित करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कामना है कि हमारा देश खुले में शौच से मुक्त हो। महात्मा गांधी जी स्वच्छता के प्रतीक थे। उन्होंने गावों, मलिन बस्तियों में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता को बढ़ावा दिया। हमें जनपद को पूर्ण ओडीएफ करके खुले में शौच जैसी कुप्रथा से मुक्त करना है। जिस तरह पोलियो से मुक्त भारत बनाया है। उसी तरह भारत को खुले से शौच मुक्त बनाना है।