
Haryanvi Dancer Dimple Chaudhary: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लाइव परफॉर्मेंस के दौरान मशहूर हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी के साथ मंच पर ही बदतमीजी करने की कोशिश की गई। लेकिन डांसर ने भी बिना डरे आरोपी युवक को सबक सिखाते हुए सरेआम स्टेज पर ही एक जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग डांसर की हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं।
यह पूरा मामला हाथरस के सासनी इलाके के 'नगला नाई' गांव का है। बताया जा रहा है कि 3 जून को यहां एक जन्मदिन की पार्टी थी, जिसमें डांस करने के लिए डिंपल चौधरी को बुलाया गया था। प्रोग्राम को देखने के लिए बहुत सारे लोग इकट्ठा थे। डिंपल स्टेज पर डांस कर रही थी। उसी समय दर्शकों में से एक युवक स्टेज के पास पहुंचा और नोट उड़ाने के बहाने डांसर को गलत तरीके से छूने की कोशिश करने लगा।
युवक की इस हरकत पर डिंपल चौधरी को गुस्सा आ गया और उन्होंने तुरंत उस लड़के को थप्पड़ मार दिया। डिंपल ने खुद इस घटना का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है, जिसमें युवक की बदतमीजी साफ नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। डीएसपी ने बताया कि डांसर के साथ बदतमीजी करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस जांच में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, इस पूरे नाच-गाने के कार्यक्रम के लिए प्रशासन से कोई लिखित अनुमति नहीं ली गई थी। बिना इजाजत इतना बड़ा इवेंट आयोजित करने के जुर्म में अब कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ भी कानूनी कारवाई की जा रही है।
घटना के बाद बेहद भावुक हुई डिंपल चौधरी ने रोते हुए न्याय की मांग की और कहा कि अगर महिलाओं और लड़कियों के साथ समाज में इसी तरह की बदसलूकी होती रही, तो एक दिन बेटियों का सम्मान पूरी तरह खत्म हो जाएगा। उन्होंने समाज से महिलाओं और कलाकारों की रक्षा करने की अपील करते हुए तीखे लहजे में कहा कि जो व्यक्ति एक कलाकार की इज्जत नहीं कर सकता, वह जिंदगी में कभी किसी महिला का सम्मान नहीं कर सकता।