हाथरस

सुहागरात पर पति को धमकाने वाली दुल्हन प्रेमी संग फरार, पोस्ट शेयर कर बोली- मुझे 8 लाख में बेचा

UP News: उत्तर प्रदेश के हाथरस में सुहागरात पर पति को धमकाने वाली दुल्हन प्रेमी संग फरार हो गई। अब उसने एक वीडियो जारी करके अपने ही पिता पर 8 लाख में बेचने का आरोप लगाया है। अब इस घटना ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।
2 min read
Mar 04, 2026
Feature image
प्रतीकात्मक तस्वीर

हाथरस में सुहागरात के दिन पति पर चाकू से हमला करने और फिर जेवरात लेकर प्रेमी संग फरार होने वाली दुल्हन ने अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सनसनी मचा दी है। युवती ने अपने ही पिता और मामा पर उसे 8 लाख रुपये में 'बेचने' का गंभीर आरोप लगाया है। दूसरी ओर, पति की शिकायत पर पुलिस ने दुल्हन और उसके प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

सुहागरात पर चाकू और नशीला पदार्थ

मामला कोतवाली सदर क्षेत्र का है जहां एक युवक की शादी चंदपा क्षेत्र की युवती से हुई थी। पति का आरोप है कि शादी की पहली रात से ही दुल्हन का व्यवहार हिंसक था। उसने पति को अपने पास आने से रोका और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। हालांकि दो दिन बाद परिवारों ने बीच-बचाव कर समझौता कराया, लेकिन 25 फरवरी की रात दुल्हन ने पूरे परिवार को नशीला पदार्थ खिला दिया। जब सब गहरी नींद में सो रहे थे तब वो 10 लाख के जेवर और नकदी लेकर अपने कथित प्रेमी (रिश्ते के चाचा) के साथ फरार हो गई।

दुल्हन ने कहा "मेरा सौदा हुआ था"

फरार होने के बाद अब दुल्हन ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए एक वीडियो जारी किया है जिसने मामले को नया मोड़ दे दिया है। वीडियो में युवती का कहना है कि उसकी शादी जबरन कराई गई थी और उसने इस बारे में पति व ससुराल वालों को पहले ही बता दिया था। युवती ने जेवर चोरी और नशीला पदार्थ देने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अपने पिता पर 8 लाख रुपये में उसे बेचने का आरोप लगाया है। साथ ही मामा और पिता पर गलत कृत्य के भी आरोप लगाए हैं।

10 लाख के जेवर और 18 हजार की नकदी गायब

पीड़ित पति ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उसकी पत्नी घर से लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 18 हजार रुपये नकद ले गई है। पति का कहना है कि उसने शादी के लिए काफी मेहनत की थी लेकिन उसे क्या पता था कि चार दिन के भीतर ही उसका घर इस तरह बिखर जाएगा। पुलिस ने शुरुआत में युवती से फोन पर बात की थी तब उसने वापस आने का वादा किया था लेकिन जब वह नहीं लौटी तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस की कार्रवाई और तलाश

पुलिस ने बताया कि पति की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवती द्वारा सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से छानबीन की जा रही है। पुलिस की टीमें युवती और उसके प्रेमी की लोकेशन ट्रेस कर रही हैं। जल्द ही दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी ताकि 'जबरन शादी' और 'चोरी' के दावों की सच्चाई सामने आ सके।

Updated on:
04 Mar 2026 01:27 pm
Published on:
04 Mar 2026 01:12 pm