
Anemia Causes and Symptoms: सीढ़ियां चढ़ते समय सांस फूलना, बिना ज्यादा काम किए थक जाना या दिनभर सुस्ती महसूस होना, अक्सर लोग इन समस्याओं को व्यस्त जीवनशैली का हिस्सा मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कई बार शरीर इस तरह संकेत दे रहा होता है कि उसमें खून की कमी यानी एनीमिया (Anemia) हो सकती है।
अमेरिका के National Heart, Lung, and Blood Institute (NHLBI), Mayo Clinic और ब्रिटेन की NHS के अनुसार एनीमिया तब होता है जब शरीर में पर्याप्त स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाएं या हीमोग्लोबिन नहीं होता। इससे शरीर के अंगों तक ऑक्सीजन कम पहुंचती है और कई तरह की समस्याएं शुरू हो सकती हैं।
एनीमिया का सबसे आम लक्षण लगातार थकान है। जब शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती तो सामान्य काम भी मुश्किल लगने लगते हैं। कई लोग रातभर अच्छी नींद लेने के बाद भी खुद को थका हुआ महसूस करते हैं।
अगर थोड़ी दूर चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलने लगे तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। खून की कमी होने पर शरीर को ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए दिल और फेफड़ों को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।
चेहरे की चमक कम होना, होंठों और नाखूनों का रंग फीका पड़ना एनीमिया के संकेत हो सकते हैं। डॉक्टर अक्सर मरीज की त्वचा देखकर भी खून की कमी का अंदाजा लगाते हैं।
खून की कमी होने पर मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इसकी वजह से चक्कर आना, सिर हल्का लगना या अचानक कमजोरी महसूस होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
दिल की धड़कन का कभी-कभी तेज महसूस होना चिंता का विषय नहीं होता। लेकिन अगर यह बार-बार हो रहा है, तो इसकी एक वजह एनीमिया भी हो सकती है। शरीर ऑक्सीजन की कमी पूरी करने के लिए दिल से ज्यादा काम करवाने लगता है।
लगातार सिरदर्द भी एनीमिया का एक संकेत हो सकता है। ऑक्सीजन की कमी का असर दिमाग पर पड़ता है, जिससे सिर भारी लगना या दर्द होना शुरू हो सकता है।
ऐसे लोग भी मिल जाते हैं जो गर्मी में भी कहते हैं कि उनके हाथ और पैर ठंडे रहते हैं। कई बार इसके पीछे रक्त की कमी भी एक कारण हो सकती है।
एनीमिया का असर सिर्फ शरीर तक सीमित नहीं रहता। कुछ लोगों को लगता है कि उनका ध्यान भटक रहा है, चीजें याद रखने में परेशानी हो रही है या काम पर फोकस नहीं बन पा रहा।
कंघी करते समय सामान्य से ज्यादा बाल टूटना या नाखूनों का कमजोर होकर जल्दी टूटना आयरन की कमी से जुड़े एनीमिया में देखा जा सकता है। हालांकि इसके पीछे दूसरी वजहें भी हो सकती हैं।
अगर खून की कमी लंबे समय तक बनी रहे या बहुत ज्यादा हो जाए, तो दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक कुछ मामलों में यह सीने में दर्द जैसी समस्या का कारण भी बन सकता है।
अगर कई हफ्तों से थकान बनी हुई है, सांस जल्दी फूल रही है या चक्कर आने जैसी शिकायतें बार-बार हो रही हैं, तो सिर्फ मल्टीविटामिन लेना समाधान नहीं है। डॉक्टर की सलाह पर एक साधारण ब्लड टेस्ट करवाना बेहतर रहता है। कई बार शरीर जो संकेत दे रहा होता है, उसका जवाब उसी रिपोर्ट में मिल जाता है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।