स्वास्थ्य

Benign Fasciculation Syndrome: बिना किसी वजह मांसपेशियों में फड़कन या कंपन होना, क्या है बेनाइन फासिक्युलेशन सिंड्रोम?

Benign Fasciculation Syndrome Cause: बिना वजह मांसपेशियों में फड़कन (BFS) क्या है? क्लीवलैंड क्लिनिक और हेल्थलाइन से जानें इसके लक्षण, कारण, तनाव और कैफीन का असर, और डॉक्टर से मिलने की सही जरूरत।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 10:00 AM IST
Benign Fasciculation में पैर की मांसपेशियों में त्वचा के नीचे होने वाली हल्की फड़कन को दिखाती तस्वीर।
बिना किसी गंभीर बीमारी के भी मांसपेशियों में बार-बार फड़कन हो सकती है। इसे बेनाइन फैसिकुलेशन कहते हैं- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Benign Fasciculation Syndrome: कभी-कभी ऐसा महसूस होता है कि जैसे हमारी स्किन के ठीक नीचे कोई छोटी सी मशीन या नस अपने आप फड़क रही हो कभी पिंडली (calf) में, कभी हाथ में तो कभी आंख या पैर के किसी हिस्से में। यह कंपन इतना हल्का होता है कि बाहर से शायद ही किसी को दिखे, लेकिन अंदर से यह अजीब सी बेचैनी जरूर पैदा कर देता है। अगर आपके साथ भी ऐसा अक्सर होता है और डॉक्टर की रिपोर्ट्स बिल्कुल नॉर्मल आती हैं, तो मेडिकल भाषा में इसे बेनाइन फासिक्युलेशन सिंड्रोम (Benign Fasciculation Syndrome - BFS) कहा जाता है। इंटरनेट पर इस तरह की छोटी-मोटी फड़कन सर्च करते ही लोग अक्सर किसी गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारी का डर अपने मन में बैठा लेते हैं। आइए समझते हैं कि आखिर यह BFS बला क्या है, क्यों होती है और इससे घबराने की कितनी जरूरत है।

क्या होता है बेनाइन फासिक्युलेशन सिंड्रोम (BFS)?

हेल्थलाइन के मुताबिक, बेनाइन (Benign) का मतलब होता है जो बिल्कुल नुकसानदेह न हो। फासिक्युलेशन (Fasciculation) का मतलब है मांसपेशियों के छोटे रेशों (fibers) का अपने आप अनैच्छिक रूप से फड़कना या हिलना। इस सिंड्रोम में हमारे शरीर की मांसपेशियां (खासकर पैर, हाथ और पलकें) बिना किसी भारी शारीरिक मेहनत या चोट के अपने आप फड़कने लगती हैं। सबसे राहत की बात यह है कि यह बीमारी जानलेवा नहीं है और इससे मांसपेशियों की ताकत या काम करने की क्षमता पर कोई बुरा असर नहीं पड़ता है।

मांसपेशियां क्यों करने लगती हैं ऐसा?

भले ही इसका सटीक कारण हमेशा पूरी तरह साफ न हो, लेकिन मेडिकल रिसर्च और क्लीनिकल अनुभव यह बताते हैं कि यह समस्या तब ज्यादा उभरती है जब शरीर अंदर से थका हुआ या तनाव में होता है;

  • तनाव और एंग्जायटी।
  • मैग्नीशियम या पोटेशियम की कमी।
  • जरूरत से ज्यादा कैफीन।
  • शारीरिक थकान या भारी वर्कआउट।
  • कुछ दवाइयों का असर।

कब तक सामान्य है और कब डॉक्टर से मिलें?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, BFS पूरी तरह से बेनाइन (हानिरहित) है, इसलिए ज्यादातर मामलों में यह जीवनशैली में थोड़ा सुधार करने से अपने आप ठीक हो जाता है। लेकिन अगर आपको फड़कन के साथ-साथ नीचे दिए गए लक्षण महसूस हों, तो इसे नजरअंदाज न करें और न्यूरोलॉजिस्ट से मिलें;

  • अगर फड़कन के साथ-साथ आपकी मांसपेशियां लगातार कमजोर होने लगें (हाथ से चीजें छूटने लगें या पैर कांपने लगें)।
  • यदि मांसपेशियों का आकार धीरे-धीरे सिकुड़ने या घटने लगे (Muscle Wasting)।
  • अगर यह कंपन पूरे शरीर में लगातार बना रहे और रात की नींद भी खराब करने लगे।

इस कंपन से राहत पाने के उपाय

अगर आपकी मांसपेशियां भी इस तरह फड़कती हैं, तो घबराने की बजाय इन बातों का ध्यान रखें;

  • तनाव से दूर रहें।
  • पोषण पर दें ध्यान।
  • भरपूर पानी पिएं और सोएं।
  • कैफीन कम करें।

शरीर की हर छोटी हलचल कोई खतरनाक बीमारी नहीं होती। 'बेनाइन फासिक्युलेशन सिंड्रोम' इस बात का प्रमाण है कि कई बार हमारे शरीर को सिर्फ थोड़ा आराम, सही पोषण और मानसिक शांति की जरूरत होती है। अपनी जीवनशैली को संतुलित रखिए, बेव का डर मन से निकालिए और सेहतमंद रहिए।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Published on: