स्वास्थ्य

Bug Bites: मधुमक्खी, चींटी या मकड़ी के काटने पर क्या करें? क्लीवलैंड क्लिनिक से जानें प्राथमिक उपचार और जरूरी सावधानियां

मधुमक्खी, चींटी या मकड़ी के काटने पर क्या करें? क्लीवलैंड क्लिनिक और हेल्थलाइन से जानें तुरंत राहत पाने के लिए उपचार, उपाय और किन लक्षणों पर तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए।
2 min read
• •
Oct 10, 2026
Close-up view of a red, irritated bug bite on human skin showing swelling and inflammation.
मधुमक्खी, चींटी या मकड़ी के काटने पर क्या करें- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Bug Bites Hindi: अक्सर पार्क में टहलते हुए, पेड़-पौधों के पास काम करते समय या घर में अचानक हमें कोई कीड़ा काट लेता है। मधुमक्खी, चींटी या मकड़ी का काटना आम बात है, लेकिन कई बार इनसे इतनी तेज जलन, सूजन और खुजली होती है कि समझ नहीं आता कि क्या किया जाए। हेल्थलाइन (Healthline) और क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) की रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर कीड़ों के काटने पर सही समय पर प्राथमिक उपचार (First Aid) मिल जाए तो घर पर ही राहत मिल जाती है। आइए जानते हैं कि ऐसी स्थिति में हमें तुरंत क्या कदम उठाने चाहिए।

कीड़े के काटने के लक्षण क्या हैं?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, अगर आपको कीड़े ने काटा है तो आपको शरीर में ये लक्षण दिखाई दे सकते हैं;

  • पेट में दर्द।
  • मुंह से लार टपकना।
  • बहुत ज्यादा पसीना आना।
  • सिरदर्द।
  • उल्टी होना।
  • शरीर में मांसपेशियों में दर्द।
  • सांस लेने या निगलने में परेशानी।

कीड़े के काटते ही सबसे पहले क्या कदम उठाएं?

अगर आपको किसी मधुमक्खी, चींटी या मकड़ी ने काट लिया है, तो घबराने के बजाय तुरंत इन बातों का ध्यान रखें;

  • शांत रहें और सुरक्षित जगह पर जाएं- सबसे पहले उस जगह से हट जाएं ताकि दोबारा किसी और कीड़े के काटने का खतरा न रहे।
  • डंक (Stinger) को बाहर निकालें- अगर मधुमक्खी ने काटा है और उसका डंक त्वचा के अंदर ही छूट गया है, तो उसे तुरंत बाहर निकालें। डंक निकालने के लिए चिमटी या अपने साफ नाखूनों का इस्तेमाल कर सकती हैं, लेकिन ध्यान रहे कि डंक को जोर से दबाएं नहीं वरना जहर और फैल सकता है।
  • साबुन और पानी से धोएं- जिस जगह पर कीड़े ने काटा है, उस प्रभावित हिस्से को हल्के गुनगुने पानी और सादे साबुन से अच्छी तरह साफ कर लें ताकि वहां बैक्टीरिया या गंदगी न रहे।

उपाय और सूजन कम करने के तरीके

हेल्थलाइन के मुताबिक, कीड़े के काटने के बाद होने वाली जलन और सूजन से राहत पाने के लिए आप घर पर ही कुछ आसान उपाय अपना सकती हैं;

  • बर्फ का टुकड़ा या ठंडे पानी में भीगा हुआ साफ कपड़ा कम से कम 10 से 15 मिनट के लिए रखें
  • त्वचा को ऊपर की तरफ रखें।
  • खुजली से बचें।
  • डॉक्टर या फार्मासिस्ट की सलाह से दर्द निवारक गोली ली जा सकती है।
  • सूजन और खुजली वाली जगह पर डॉक्टर की सलाह से कैलामाइन लोशन (Calamine Lotion) लगाने से राहत मिलती है।
  • अगर एलर्जी ज्यादा लग रही है और चकत्ते फैल रहे हैं, तो डॉक्टर की सलाह से एंटीहिस्टामाइन की गोली भी ली जा सकती है।

डॉक्टर के पास कब जाना चाहिए?

ज्यादातर मामलों में कीड़े का काटना कुछ घंटों या दिनों में अपने आप ठीक हो जाता है, लेकिन कुछ लक्षण ऐसे होते हैं जिनमें बिल्कुल भी देर नहीं करनी चाहिए और तुरंत अस्पताल या डॉक्टर के पास जाना चाहिए;

  • अगर सांस लेने में दिक्कत होने लगे या सीने में जकड़न महसूस हो।
  • जीभ, गले या होंठों पर सूजन आ जाए।
  • चक्कर आना, बेहोशी या बहुत ज्यादा कमजोरी महसूस हो।
  • अगर किसी जहरीली मकड़ी ने काट लिया है और उस जगह पर नीला या काला निशान बनकर घाव गहरा होने लगे।
डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
Published on:
10 Oct 2026 10:15 am