स्वास्थ्य

Hair Loss Alert: सिर्फ जेनेटिक्स नहीं, अब आपके पेट की खराबी भी उड़ा सकती है सिर के बाल, नई स्टडी में खुलासा

Hair Loss Alert: नई स्टडी के अनुसार पुरुषों में बाल झड़ने की वजह सिर्फ जेनेटिक्स नहीं, बल्कि खराब गट हेल्थ भी हो सकती है। जानिए पेट की सेहत और हेयर लॉस के बीच क्या है कनेक्शन।

2 min read
Mar 13, 2026
Hair Loss Alert (photo- gemini ai)

Hair Loss Alert: अक्सर माना जाता है कि पुरुषों में बाल झड़ने की सबसे बड़ी वजह जेनेटिक्स (वंशानुगत कारण) या हार्मोनल बदलाव होते हैं। लेकिन एक नई रिसर्च से पता चला है कि इसके पीछे एक और बड़ा कारण हो सकता है, पेट की सेहत यानी गट हेल्थ। अगर पाचन तंत्र ठीक से काम नहीं कर रहा है, तो इसका असर बालों पर भी पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें

3 प्रकार के होते हैं Hair Loss, विदेशी डॉक्टरों ने बताया कैसे फिर से उग सकते हैं बाल

1.6 लाख पुरुषों पर हुई स्टडी

हाल ही में भारत के अलग-अलग राज्यों के पुरुषों पर एक बड़ी स्टडी की गई। इसमें दिसंबर 2024 से दिसंबर 2025 के बीच करीब 1.6 लाख पुरुषों की हेल्थ रिपोर्ट का विश्लेषण किया गया। यह डेटा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, तेलंगाना, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात और तमिलनाडु जैसे 10 बड़े क्षेत्रों से लिया गया। रिसर्च में खास तौर पर पाचन से जुड़ी समस्याओं, जैसे कब्ज और डाइजेशन की स्थिति, को देखा गया ताकि यह समझा जा सके कि क्या पेट की खराब सेहत का संबंध पुरुषों में बाल झड़ने से हो सकता है।

देश में घट रही है गट हेल्थ

स्टडी का सबसे चौंकाने वाला नतीजा यह था कि एक साल के अंदर ही कई पुरुषों की पाचन सेहत खराब होती दिखाई दी। बहुत कम लोगों ने बताया कि उनकी डाइजेशन स्थिति पहले से बेहतर हुई है। सबसे ज्यादा गिरावट तेलंगाना में देखी गई। इसके बाद राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में भी पाचन से जुड़ी दिक्कतें बढ़ती नजर आईं। इसके अलावा मध्य प्रदेश, गुजरात और बिहार जैसे राज्यों में भी कई लोगों ने डाइजेशन से जुड़ी समस्याओं की शिकायत की। रिसर्चर्स का मानना है कि यह सिर्फ किसी एक बीमारी की वजह से नहीं, बल्कि बदलती लाइफस्टाइल का असर हो सकता है।

पेट की सेहत और बालों का क्या कनेक्शन

बालों की ग्रोथ सिर्फ सिर की त्वचा पर निर्भर नहीं करती, बल्कि शरीर के अंदर की कई प्रक्रियाओं से जुड़ी होती है। पेट यानी गट हमारे शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण, हार्मोन बैलेंस और सूजन को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाता है। अगर पाचन सही नहीं होगा, तो शरीर को आयरन, जिंक, बायोटिन, प्रोटीन जैसे जरूरी पोषक तत्व ठीक से नहीं मिल पाएंगे। ये सभी तत्व बालों की सेहत के लिए बेहद जरूरी होते हैं। ऐसे में बाल कमजोर होकर जल्दी झड़ने लगते हैं। इसके अलावा आंतों में रहने वाले अच्छे बैक्टीरिया, जिन्हें गट माइक्रोबायोम कहा जाता है, भी हार्मोन और इम्यून सिस्टम को प्रभावित करते हैं। अगर इनका संतुलन बिगड़ जाए तो इसका असर बालों और स्कैल्प की सेहत पर भी पड़ सकता है।

लाइफस्टाइल भी बन रही बड़ी वजह

रिसर्च में यह भी सामने आया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी पाचन को खराब कर रही है। ज्यादा प्रोसेस्ड फूड, अनियमित खाने का समय, देर रात खाना, नाश्ता छोड़ना और कम पानी पीना जैसी आदतें डाइजेशन को कमजोर बना रही हैं। इसके साथ ही काम का तनाव भी एक बड़ी वजह है। ज्यादा तनाव होने पर लोग गलत खान-पान करने लगते हैं, जिससे पेट की सेहत और खराब हो जाती है।

सिर्फ हेयर प्रोडक्ट से नहीं होगा समाधान

एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर बाल झड़ने की समस्या है, तो सिर्फ शैंपू या हेयर ट्रीटमेंट पर निर्भर रहना सही नहीं है। संतुलित डाइट, समय पर खाना, पर्याप्त पानी और तनाव कम करना भी उतना ही जरूरी है। यह रिसर्च इस बात की ओर इशारा करती है कि कई बार बालों की समस्या का असली कारण सिर में नहीं, बल्कि पेट के अंदर छिपा हो सकता है। इसलिए बालों की सेहत के लिए गट हेल्थ का ख्याल रखना भी बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़ें

Natural Remedies for Hair Loss: गंजेपन से बचने का नेचुरल तरीका, रोजमर्रा की इन 5 चीजों से बाल झड़ना हो सकता है कम

Published on:
13 Mar 2026 12:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर