स्वास्थ्य

Terminal Ileitis Causes: जैस्मिन भसीन को हुई छोटी आंत में सूजन, NIH से जानिए टर्मिनल इलाइटिस के लक्षण और कारण

Jasmin Bhasin Health Update: जैस्मिन भसीन को हुई टर्मिनल इलाइटिस क्या है? जानिए छोटी आंत में सूजन के कारण, लक्षण, जांच, इलाज और कब तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए।
3 min read
Jun 30, 2026
Terminal Ileitis Symptoms Terminal Ileitis Causes Small Intestine Inflammation
अभिनेत्री जैस्मिन भसीन अस्पताल में भर्ती (Photo- insta @jasminbhasin2806)

Terminal Ileitis Symptoms: टीवी अभिनेत्री जैस्मिन भसीन ने हाल ही में बताया कि दुबई पहुंचने के बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। तेज पेट दर्द और संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। जांच में पता चला कि उनकी छोटी आंत के आखिरी हिस्से में सूजन है, जिसे डॉक्टर टर्मिनल इलाइटिस कहते हैं। अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है और वह धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं।

जैस्मिन की इस खबर के बाद कई लोगों के मन में सवाल उठने लगे कि आखिर यह बीमारी क्या है? क्या यह बहुत गंभीर होती है और इसके लक्षण कैसे पहचानें?

क्या होती है टर्मिनल इलाइटिस?

हमारी छोटी आंत का एक आखिरी हिस्सा होता है। जब इस हिस्से में सूजन आ जाती है, तो उसे टर्मिनल इलाइटिस कहा जाता है। NIH रिसर्च में प्रकाशित एक शोध के अनुसार, यह अपने आप में कोई एक बीमारी नहीं है। यह केवल इस बात का संकेत है कि छोटी आंत के आखिरी हिस्से में सूजन है। इसके पीछे कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं, इसलिए हर मरीज में इसकी वजह अलग हो सकती है।

स्प्रिंगर नेचर की मेडिकल पुस्तक में भी बताया गया है कि केवल सूजन मिलने से बीमारी का नाम तय नहीं हो जाता। सही कारण जानने के लिए डॉक्टर कई तरह की जांच करते हैं।

Jasmin Bhasin Health Update

किन कारणों से हो सकती है यह समस्या?

शोध के अनुसार छोटी आंत में सूजन आने के पीछे कई वजह हो सकती हैं, जैसे

  • आंत से जुड़ी लंबे समय की सूजन वाली बीमारी
  • आंत का टीबी
  • लंबे समय तक दर्द की दवाएं खाना
  • शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली से जुड़ी कुछ बीमारियां
  • कुछ दुर्लभ मामलों में दूसरी गंभीर बीमारियां
  • यानी हर बार इसका कारण एक जैसा नहीं होता।

इसके लक्षण क्या हो सकते हैं?

हर व्यक्ति में लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन आमतौर पर ये परेशानियां दिखाई दे सकती हैं-

  • पेट के दाहिने निचले हिस्से में तेज दर्द
  • बार-बार दस्त लगना
  • मल में खून आना
  • पेट में ऐंठन या मरोड़
  • भूख कम लगना
  • बिना कोशिश के वजन कम होना
  • बुखार आना
  • हर समय कमजोरी और थकान महसूस होना

अगर सूजन के साथ गंभीर संक्रमण भी हो जाए, तो मरीज की हालत तेजी से बिगड़ सकती है और अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत पड़ सकती है।

डॉक्टर इसका पता कैसे लगाते हैं?

अगर डॉक्टर को छोटी आंत में सूजन का संदेह होता है, तो वह कुछ जांच कराने की सलाह दे सकते हैं। इनमें आंत की कैमरे से जांच, खून की जांच, मल की जांच और जरूरत पड़ने पर स्कैन शामिल हो सकते हैं। इन जांचों से यह पता लगाया जाता है कि सूजन की असली वजह क्या है।

क्या इसका इलाज संभव है?

इसका इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि सूजन किस कारण हुई है। अगर संक्रमण की वजह से समस्या हुई है, तो डॉक्टर उसी के अनुसार दवा देते हैं। अगर कोई दूसरी बीमारी इसकी वजह है, तो उसका अलग इलाज किया जाता है। इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेना या बार-बार होने वाले पेट दर्द को नजरअंदाज करना सही नहीं है।

किन लक्षणों को नजरअंदाज न करें?

अगर आपको लगातार तेज पेट दर्द हो, कई दिनों तक दस्त लगे रहें, मल में खून दिखाई दे, तेज बुखार आए, तेजी से वजन कम होने लगे, या कमजोरी लगातार बढ़ती जाए, तो तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Published on:
30 Jun 2026 11:42 am