22 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Health / बीमारी से ठीक होने के कुछ महीने बाद अचानक झड़ने लगते हैं बाल, IJDVL से जानें क्या है Telogen Effluvium

बीमारी से ठीक होने के कुछ महीने बाद अचानक झड़ने लगते हैं बाल, IJDVL से जानें क्या है Telogen Effluvium

Telogen Effluvium Cause: अचानक बाल झड़ने की वजह तीन महीने पुरानी बीमारी या तनाव हो सकती है। क्लीवलैंड क्लिनिक और Indian Journal of Dermatology, Venereology and Leprology (इंडियन जर्नल ऑफ डर्मेटोलॉजी, वेनेरोलॉजी एंड लेप्रोलॉजी) से जानें टेलोजन एफ्लुवियम के लक्षण, इलाज और जरूरी सावधानियां।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Nidhi Yadav

•

Updated: 22 Nov 2026, 8:30 AM IST

Woman checking hair strands on hairbrush, sudden hair fall after illness

तेज बुखार, प्रसव या तनाव के 2 से 3 महीने बाद अचानक ज्यादा बाल झड़ना टेलोजन एफ्लुवियम का संकेत हो सकता है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Telogen Effluvium Symptoms: अट्ठाईस साल की एक युवती को अगस्त में तेज बुखार हुआ था। दस दिन में वह ठीक हो गई और दफ्तर लौट आई। नवंबर में अचानक कंघी में गुच्छे के गुच्छे बाल आने लगे। नहाते समय नाली में बाल, तकिए पर बाल। उसे लगा कि शायद कोई नई बीमारी लग गई है। पर असली वजह तीन महीने पुरानी थी। यही है टेलोजन एफ्लुवियम (TE), जिसमें बीमारी या किसी बड़े बदलाव के कुछ महीने बाद बाल अचानक ज्यादा झड़ने लगते हैं। आइए जानते हैं कि इसके कारण हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है।

बालों के झड़ने को ऐसे समझ सकते हैं

सिर के ज्यादातर बाल (लगभग 80 से 90 प्रतिशत) किसी भी समय बढ़ने वाली अवस्था यानी एनाजेन में होते हैं। कुछ बाल आराम की अवस्था (टेलोजन) में होते हैं, जिसके बाद वे झड़ जाते हैं और उनकी जगह नया बाल उगता है। जब शरीर पर कोई बड़ा दबाव पड़ता है, तो बढ़ने वाले बालों का एक बड़ा हिस्सा समय से पहले आराम की अवस्था में चला जाता है। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार यह हिस्सा 70 प्रतिशत तक हो सकता है। इन बालों को झड़ने में समय लगता है, इसलिए असर 2 से 3 महीने बाद दिखता है। आमतौर पर रोज करीब 100 बाल झड़ना सामान्य माना जाता है, जबकि TE में यह 300 तक पहुंच सकता है।

तीन महीने पीछे के बारे में थोड़ा याद करिए

इंडियन जर्नल ऑफ डर्मेटोलॉजी, वेनेरोलॉजी एंड लेप्रोलॉजी के अनुसार, अगर बाल अचानक झड़ने लगे हैं, तो पिछले 2 से 4 महीनों का हिसाब लगाइए;

  • कोई तेज बुखार या गंभीर संक्रमण हुआ था?
  • कोई ऑपरेशन या बड़ी चोट लगी थी?
  • प्रसव हुआ था? (इसे टेलोजन ग्रैविडरम कहते हैं और यह अक्सर प्रसव के 2 से 5 महीने बाद दिखता है। एक भारतीय समीक्षा के अनुसार यह एक-तिहाई से आधी महिलाओं में होता है।)
  • बहुत ज्यादा मानसिक तनाव, शोक या दबाव रहा?
  • अचानक वजन घटाया, क्रैश डाइट की या खाने में प्रोटीन बहुत कम रहा?
  • गर्भनिरोधक गोलियां बंद की थीं?
  • कोई नई दवा शुरू की?
  • थायरॉयड की समस्या है?

कैसे पहचानें कि यही है?

  • बाल पूरे सिर में पतले होते हैं, खासकर ऊपरी हिस्से में।
  • खोपड़ी स्वस्थ दिखती है, खुजली, जलन, पपड़ी या दर्द नहीं होता।
  • हेयरलाइन आमतौर पर बनी रहती है और पूरी तरह गंजापन नहीं होता।
  • झड़ाव तेज और अचानक होता है, जबकि पैटर्न वाले गंजेपन में बाल धीरे-धीरे पतले होते हैं।

बाल झड़ने लगें तो क्या करें

  • कारण पहचानकर उसका इलाज कराएं, जैसे थायरॉयड या खून की कमी।
  • संतुलित भोजन लें, जिसमें पर्याप्त प्रोटीन हो, खासकर शाकाहारी लोग ध्यान रखें।
  • नींद पूरी लें और तनाव कम करने के तरीके अपनाएं।
  • सब्र रखें, क्योंकि नतीजे महीनों में दिखते हैं।

बाल झड़ने लगें तो क्या न करें

  • खुद से आयरन, बायोटिन या कोई सप्लीमेंट न लें। भारतीय समीक्षा के अनुसार किसी भी बाल झड़ने के लिए कोई सिद्ध विटामिन नहीं है, और बायोटिन का TE पर असर नहीं दिखा। आयरन तभी, जब जांच में कमी साबित हो। बेवजह लंबे समय तक लेने से शरीर में आयरन ज्यादा जमा हो सकता है।
  • क्रैश डाइट न करें, यह खुद TE को बढ़ा सकती है।
  • बाल गिनते रहने या हर रोज कंघी देखने की आदत न बनाएं। इससे चिंता बढ़ती है।
  • नहाना या कंघी करना बंद न करें। जो बाल पहले ही ढीले हो चुके हैं, वे इन्हीं में निकलते हैं।

डॉक्टर के पास कब जाएं?

  • झड़ाव 6 महीने से ज्यादा चले।
  • गोल पैच दिखें या बाल गुच्छों में गायब हों।
  • खोपड़ी में खुजली, लालिमा, पपड़ी या दर्द हो।
  • मांग (पार्टिंग) चौड़ी होती दिखे।
  • साथ में बहुत थकान, वजन में अचानक बदलाव या मासिक धर्म की गड़बड़ी हो।
डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।