20 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Health / National Newborn Week: प्रीमैच्योर बच्चे को बचाने में मददगार स्पर्श, जानें कैसे काम करती है Kangaroo Mother Care तकनीक

National Newborn Week: प्रीमैच्योर बच्चे को बचाने में मददगार स्पर्श, जानें कैसे काम करती है Kangaroo Mother Care तकनीक

Kangaroo Mother Care: समय से पहले जन्मे शिशु के लिए कंगारू मदर केयर क्या है, कैसे शुरू हुई, फायदे, सही तरीका और जरूरी सावधानियां। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), क्लीवलैंड क्लिनिक और भारतीय संस्था पेडजेन से समझें कैसे परिवार भी निभा सकता है भूमिका।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Nidhi Yadav

•

Updated: 20 Nov 2026, 10:00 AM IST

newborn baby photos showing baby gripping adult finger, tiny feet held in hands and a sleeping infant for National Newborn Week

जन्म के पहले 28 दिन शिशु के लिए सबसे नाजुक होते हैं, इसलिए राष्ट्रीय नवजात सप्ताह में सही देखभाल पर जोर दिया जाता है।- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

National Newborn Week: रात के दो बजे हैं। नवजात आईसीयू की हल्की रोशनी में एक पिता कुर्सी पर झुके बैठे हैं। उनकी शर्ट के भीतर, सीने से सटा, डेढ़ किलो के आसपास का एक नन्हा शिशु है। पास में नर्स बीच-बीच में आकर देख जाती है। मां चार घंटे पहले ही बारी बदलकर आराम करने गई है, और सुबह दादी की बारी है। परिवार को पहली बार लगा है कि इस बेबसी में भी उनके हाथ में कुछ है। यही है कंगारू मदर केयर, यानी KMC। 15 से 21 नवंबर तक चल रहे राष्ट्रीय नवजात सप्ताह का मकसद जन्म के पहले 28 दिनों में शिशु की सुरक्षित देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। लेकिन जरा सोचिए इस परिवार की क्या मजबूरी होगी की बच्चे का इतना खास ध्यान रखना पड़ रहा है? आइए इसके बारे में विस्तार से समझते हैं कि आखिर कंगारू मदर केयर क्या होती है, कब इसकी जरुरत पड़ती है और इससे क्या-क्या फायदा होता है?

KMC आखिर है क्या?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की परिभाषा में KMC समय से प्रीमैच्योर बेबी (समय से पहले जन्मा शिशु, वह बच्चा होता है जिसका जन्म गर्भावस्था के 37 सप्ताह पूरे होने से पहले हो जाता है।) या कम वजन वाले शिशु की वह देखभाल है, जिसमें जन्म के बाद जितनी जल्दी हो सके लंबे समय तक त्वचा से त्वचा का संपर्क रखा जाता है, और शिशु को केवल मां का दूध दिया जाता है। यानी यह सिर्फ गोद में लेना नहीं है। इसके तीन हिस्से हैं, त्वचा का संपर्क, मां का दूध और साफ-सफाई, खासकर हाथ धोना।

कंगारू मदर केयर की शुरुआत कब और कैसे हुई?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, शिशु को सीने से लगाने की परंपरा बहुत पुरानी है। पर इसे नाम और चिकित्सा पद्धति के रूप में 1970 के दशक के अंत में कोलंबिया के बोगोटा में अपनाया गया। उस समय वहां समय से पहले जन्मे शिशुओं की मृत्यु दर बहुत ऊंची थी। दो डॉक्टर, एडगर रे और हेक्टर मार्टिनेज, हल ढूंढ रहे थे। उन्हें रास्ता एक गांव की दाई से बातचीत में मिला, जो नवजातों को अपने सीने से बांधकर रखती थी। डॉक्टरों ने यही तरीका अपने अस्पताल में मांओं के साथ आजमाया। शिशु का सीने से चिपककर रहना कंगारू के बच्चे के थैली में रहने जैसा लगता था, इसलिए नाम पड़ा कंगारू मदर केयर। बताया जाता है कि उनके प्रयासों से पहले साल में समय से पहले जन्मे शिशुओं की मृत्यु में करीब 70 प्रतिशत की कमी आई। यानी जिस उपाय ने जान बचाई, वह किसी महंगी मशीन से नहीं, एक अनुभवी महिला की सीख से निकला था।

विज्ञान क्या कहता है इसके फायदों के बारे में?

Cleveland Clinic और 2016 की एक व्यवस्थित समीक्षा के अनुसार KMC से शिशु को ये फायदे मिल सकते हैं;

  • दिल की धड़कन और सांस का पैटर्न ज्यादा स्थिर रहना।
  • शरीर का तापमान गिरने (हाइपोथर्मिया) का खतरा कम होना।
  • गंभीर संक्रमण का जोखिम और अस्पताल में रुकने की अवधि घटना।
  • बेहतर नींद और वृद्धि।
  • एड़ी से खून लेने जैसी प्रक्रियाओं में दर्द से कुछ राहत।

बच्चे को KMC कौन-कौन प्रदान कर सकता है?

इस मामले में ज्यादातर शोध मां पर केंद्रित हैं, और भारतीय संस्था पेडजेन (बाल स्वास्थ्य, नवजात शिशु देखभाल और पारिवारिक कल्याण)
भी कहती है कि सबसे अच्छा KMC प्रदाता मां है। पर Cleveland Clinic और Pedgen दोनों साफ कहते हैं कि पिता, दादा-दादी और चाची-मौसी जैसे परिवार के अन्य सदस्य भी यह देखभाल दे सकते हैं, बशर्ते वे स्वस्थ हों और तैयार हों। इसका मतलब यह है कि प्रसव के बाद थकी मां को अकेले यह बोझ उठाने की जरूरत नहीं। परिवार चाहे तो बारी-बारी का तालमेल बना सकता है, जैसा ऊपर की झलक में था। इसमें पिता की भूमिका सिर्फ बाहर खड़े होकर इंतजार करने की नहीं रहती। हर बारी लेने वाले को वही साफ-सफाई और तरीका अपनाना होता है।

सही तरीका क्या है?

अस्पताल की टीम आपको शुरुआत में सिखाएगी। घर पर इन बातों का ध्यान रखें;

  • शिशु को सिर्फ डायपर, टोपी और मोजे पहनाएं और सीधे सीने की त्वचा से लगाएं।
  • सिर एक तरफ घुमा हुआ और थोड़ा ऊंचा रहे, ताकि सांस की नली खुली रहे। देखभाल करने वाला लगभग 45 डिग्री के कोण पर आराम की स्थिति में रहे।
  • शिशु की पीठ पर कपड़ा या कंबल डालें, और जरूरत हो तो कंगारू बैग या रैप से सहारा दें।
  • सत्र कम से कम एक घंटे का रखें, ताकि शिशु को बार-बार उठाना-रखना न पड़े। स्तनपान इसी स्थिति में, आम तौर पर हर 2 से 3 घंटे पर कराया जा सकता है।

इन बातों का खास ध्यान रखें

  • सर्दी-बुखार, चकत्ते, खुले घाव या होंठों पर कोल्ड सोर हो तो त्वचा का संपर्क न करें।
  • हाथ धोएं, नाखून कटे रखें, गहने, घड़ी और धागे उतार दें, और परफ्यूम या लोशन न लगाएं।
  • धूम्रपान बिल्कुल नहीं।
  • Cleveland Clinic के अनुसार बहुत थके होने पर शिशु के साथ सो जाना जोखिम बढ़ा सकता है।
  • आईवी या मशीन लगी हो तो खुद से कोई फैसला न लें। देखभाल टीम बताएगी कि KMC कैसे और कब हो सकता है।

समय से पहले जन्मे शिशु का परिवार अक्सर खुद को बेबस पाता है। KMC बताता है कि इलाज के साथ-साथ एक चीज और है जो परिवार के हाथ में है: धैर्य के साथ दी गई गोद। हर शिशु अलग है, इसलिए शुरू करने से पहले अपने बच्चों के डॉक्टर और नर्स से जरूर बात करें।

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।