स्वास्थ्य

Heart Attack Symptoms: जबड़े में दर्द और जी मिचलाने का दिल की बीमारी से क्या है कनेक्शन? कार्डियोलॉजिस्ट से जानिए

Silent Heart Attack: जबड़े में दर्द और जी मिचलाना हार्ट अटैक के छिपे हुए संकेत हो सकते हैं। जानिए कार्डियोलॉजिस्ट से साइलेंट हार्ट अटैक के लक्षण और बचाव।
2 min read
Jun 02, 2026
Heart Attack, Silent Heart Attack, Jaw Pain,
हार्ट अटैक के संभावित संकेत के रूप में दर्शाती प्रतीकात्मक तस्वीर (photo- chatgtp)

Jaw Pain and Heart Attack: जब किसी के जबड़े में अचानक दर्द (Jaw Pain) होता है, तो अक्सर लोग सोचते हैं कि दांत या मसूड़े की कोई समस्या होगी। वहीं अगर अचानक जी मिचलाने या उल्टी जैसा मन (Nausea) होने लगे, तो लोग उसे गैस, एसिडिटी या खराब खाने का असर मानकर टाल देते हैं। लेकिन मेडिकल साइंस और डॉक्टर्स चेतावनी देते हैं कि अगर ये दोनों लक्षण अचानक और एक साथ दिखाई दें, तो इन्हें मामूली समझकर नजरअंदाज करना जानलेवा हो सकता है।

क्या है इसके पीछे का वैज्ञानिक कारण?

हार्ट अटैक के दौरान हर मरीज को सीने में तेज और दबाने वाला दर्द महसूस हो, ऐसा जरूरी नहीं है। कई बार इसके संकेत बहुत छिपे हुए और अलग होते हैं। इसके पीछे एक खास वैज्ञानिक वजह है जिसे चिकित्सा विज्ञान में रेफर्ड पेन (Referred Pain) कहा जाता है। असल में, हमारे दिल (Heart) और उसके आसपास के अंगों जैसे जबड़ा, गर्दन, कंधा और हाथ की नसें (Nerve Pathways) आपस में एक-दूसरे से जुड़ी होती हैं। जब दिल की मांसपेशियों तक खून और ऑक्सीजन का दौरा कम या बंद होता है, तो दिल से निकलने वाले दर्द के सिग्नल्स को हमारा दिमाग गलती से जबड़े या कंधे का दर्द समझ लेता है। यही वजह है कि मरीज को मुख्य रूप से जबड़े में दर्द महसूस होने लगता है।

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत द्विवेदी की राय

हृदय रोग विशेषज्ञ (Cardiologist) डॉ. प्रशांत द्विवेदी बताते हैं, "हमारे पास कई बार ऐसे मरीज आते हैं जो जबड़े में दर्द या पेट की खराबी समझकर दवा ले रहे होते हैं, जबकि असल में उन्हें दिल का दौरा पड़ा होता है। सीने में बिना दर्द के आने वाले ऐसे हार्ट अटैक को हम साइलेंट या एटिपिकल हार्ट अटैक कहते हैं। अगर जबड़े के दर्द के साथ उल्टी जैसा मन हो, तो इसे हल्के में बिल्कुल न लें।"

किन लोगों को है सबसे ज्यादा खतरा?

डॉ. द्विवेदी के मुताबिक, महिलाओं, बुजुर्गों और डायबिटीज (शुगर) के मरीजों में हार्ट अटैक के ऐसे छिपे हुए लक्षण सबसे ज्यादा देखे जाते हैं। इसके अलावा 40 साल से अधिक उम्र के लोग, स्मोकिंग करने वाले, हाई बीपी और हाई कोलेस्ट्रॉल के मरीजों को भी बहुत सतर्क रहना चाहिए। यह दर्द जबड़े के बाएं, दाएं या दोनों तरफ हो सकता है।

गैस, दांत दर्द और हार्ट अटैक में अंतर कैसे पहचानें?

  • दांत का दर्द: यह मुंह के किसी एक हिस्से में सीमित होता है, चबाने पर बढ़ता है और मसूड़ों में सूजन दिख सकती है।
  • गैस/एसिडिटी: इसमें छाती या पेट के ऊपरी हिस्से में जलन होती है और खट्टी डकारें आती हैं।
  • हार्ट अटैक का दर्द: इसमें जबड़े के दर्द और उल्टी के साथ-साथ अचानक बहुत तेज ठंडा पसीना आना, सांस फूलना, चक्कर आना या सीने में भारीपन (घबराहट) महसूस होना शामिल है।

ऐसी स्थिति में तुरंत क्या करें?

डॉ. प्रशांत द्विवेदी की सीधी सलाह है कि गंभीर सीने के दर्द का इंतजार किए बिना तुरंत ये कदम उठाएं। चलना-फिरना, सीढ़ियां चढ़ना या कोई भी मेहनत का काम तुरंत रोक दें और शांति से बैठ जाएं या लेट जाएं। बिना समय गंवाए नजदीकी अस्पताल के इमरजेंसी विभाग या कार्डियक सेंटर से संपर्क करें। अगर लक्षण गंभीर हैं, तो खुद ड्राइव करके अस्पताल जाने का जोखिम बिल्कुल न लें।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Updated on:
03 Jun 2026 07:24 pm
Published on:
02 Jun 2026 04:03 pm
Also Read
View All
LDL Cholesterol क्या होता है, क्लीवलैंड क्लिनिक से जानिए कितना होना चाहिए इसका लेवल और इसके बढ़ने से किन बिमारियों का खतरा

Klinefelter Syndrome क्या है? एनएचएस ने बताया पुरुषों में बांझपन और कम टेस्टोस्टेरोन की वजह बन सकती है यह जेनेटिक स्थिति

Dengue Vaccine QDENGA Price: भारत डेंगू की पहली वैक्सीन को मंजूरी, रु6000-12000 में लग सकता है एक शॉट, फिजिशियन से जानें 2 डोज का तरीका

Period Blood Color Chart: पीरियड ब्लड का रंग बदलना क्या है नॉर्मल? क्लीवलैंड क्लिनिक से जानिए कौन-सा रंग क्या संकेत देता है

Cancer का कौन-सा प्रकार सबसे ज्यादा घातक है, WHO और वेरीवेल हेल्थ से जानें किन संकेतों को न करें नजरअंदाज