
Karwa Chauth Fasting Tips for Pregnant Women: सुहाग के इस खास त्योहार पर हर महिला चाहती है कि वह पूरी श्रद्धा के साथ व्रत रखे। लेकिन बात जब प्रेगनेंसी की हो, तो मामला सिर्फ आपके अकेले का नहीं बल्कि पेट में पल रहे नन्हें मेहमान की सेहत का भी होता है। करवा चौथ पर लंबे समय तक भूखे-प्यासे रहना यानी निर्जला व्रत करना सामान्य दिनों में तो मुमकिन है, पर गर्भधारण के समय यह जोखिम भरा हो सकता है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, इस दौरान बिना पानी और खाने के रहना मां और बच्चे दोनों के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। ऐसे में अगर आप भी इस साल करवा चौथ का व्रत रखने की सोच रही हैं, तो व्रत रखने से पहले डॉक्टर से जरूर बात कर लें और कुछ जरूरी बातों का खास ख्याल रखें।
स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा गोयल के अनुसार,प्रेगनेंसी में शरीर को लगातार पोषण और पानी की जरूरत होती है। गर्भ में पल रहे शिशु का विकास पूरी तरह से मां के खानपान पर निर्भर करता है। ऐसे में पूरे दिन बिना पानी और भोजन के रहना यानी निर्जला व्रत रखना खतरनाक साबित हो सकता है। इससे शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) हो सकती है और ब्लड प्रेशर भी लो हो सकता है, जो बच्चे के लिए ठीक नहीं है।
अगर आपकी डॉक्टर ने आपको व्रत की इजाजत दे दी है, तो दिनभर थोड़ी-थोड़ी देर पर पानी पीती रहें। इसके अलावा शरीर में ताकत बनाए रखने के लिए बीच-बीच में नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ या ताजे फलों का जूस जरूर लेती रहें ताकि कमजोरी महसूस न हो।
सूर्योदय से पहले खाई जाने वाली सरगी बहुत अहम होती है। इसमें ऐसी चीजें खाएं जो आपको लंबे समय तक ऊर्जा दें। सरगी में दूध, दही, मुट्ठीभर सूखे मेवे (ड्राई फ्रूट्स), ताजे फल और साबुत अनाज से बनी चीजें जरूर शामिल करें। चाय या कॉफी पीने से बचें क्योंकि इससे डिहाइड्रेशन बढ़ सकता है।
व्रत के दौरान भूखे रहने के बजाय बीच-बीच में फल या कोई हल्का-फुल्का आहार लेती रहें। ऐसा करने से शरीर में कमजोरी नहीं आएगी और शुगर लेवल अचानक से नीचे (Hypoglycemia) नहीं गिरेगी। सेहत से समझौता करके कोई भी व्रत रखना समझदारी नहीं है।
इस दिन घर के कामकाज में ज्यादा उलझने से बचें। ज्यादा देर तक खड़े रहने से पैरों में सूजन और थकान हो सकती है, इसलिए आराम को प्राथमिकता दें। इसके अलावा, शरीर पर दबाव डालने वाले भारी-भरकम कपड़े या तंग गहने पहनने से बचें ताकि आपको और आपके होने वाले बच्चे को घुटन या बेचैनी महसूस न हो।
पूरे दिन भूखे रहने के बाद जब रात को चांद देखकर व्रत खोलें, तो एकदम से बहुत सारा तला-भुना, मसालेदार या भारी खाना खाने की गलती बिल्कुल न करें। इससे पेट खराब हो सकता है। सबसे पहले एक गिलास पानी या नारियल पानी पिएं, थोड़ा रुककर कुछ फल खाएं और उसके बाद ही कोई हल्का और सादा भोजन करें।