स्वास्थ्य

तेज बुखार के साथ लाल आंखें और रैश? मेयो क्लिनिक ने बताया ये हो सकते हैं Kawasaki Disease के संकेत

Kawasaki Disease Symptoms: बच्चों में तेज बुखार, लाल आंखें और शरीर पर दाने? इन्हें मामूली मानकर अनदेखा न करें, ये कावासाकी डिजीज के लक्षण हो सकते हैं। मेयो क्लिनिक से जानें बचने के उपाय।
2 min read
Jul 28, 2026
Kawasaki disease symptoms in kids,Kawasaki disease signs in toddlers,High fever red eyes rash in child,
बच्चों में तेज बुखार, लाल आंखें और शरीर पर दाने कावासाकी डिजीज के लक्षण हो सकते हैं- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Kawasaki Disease Cause: छोटे बच्चों को बुखार आना आम बात है। मौसम बदला या सर्दी-जुकाम हुआ और बुखार चढ़ गया। लेकिन अगर बच्चे का बुखार 5 दिन हो गए और उतर ही नहीं रहा, साथ में आंखें भी एकदम लाल हैं और शरीर पर लाल-लाल दाने निकल आए हैं? तो इसे मामूली वायरल मानकर घर पर बैठने की गलती मत करिएगा। मेयो क्लिनिक का कहना है कि यह कावासाकी नाम की एक बीमारी हो सकती है। यह 5 साल से छोटे बच्चों को ज्यादा होती है। आइए जानते हैं कि यह क्या है इसके लक्षण क्या-क्या होते हैं?

क्या है कावासाकी बीमारी (Kawasaki Disease)?

सीडीसी के अनुसार, लड़कों में ज्यादा होती है ये बीमारी, कावासाकी डिजीज कोई आम इन्फेक्शन नहीं है। यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें बच्चे के शरीर की खून की नलियों (Blood Vessels) में सूजन आ जाती है। यह सूजन पूरे शरीर की धमनियों को प्रभावित कर सकती है, खासकर दिल तक खून पहुंचाने वाली नलियों (Coronary Arteries) को। यह बीमारी ज्यादातर 5 साल से कम उम्र के छोटे बच्चों को अपना शिकार बनाती है। अगर समय रहते इसका सही इलाज मिल जाए, तो बच्चा पूरी तरह ठीक हो जाता है। लेकिन देर करने पर यह बच्चे के दिल के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।

कावासाकी डिजीज के मुख्य लक्षण

  • बच्चे को 101°F से 104°F या उससे भी तेज बुखार।
  • लाल आंखें (Conjunctivitis)।
  • शरीर पर रैश (लाल चकत्ते)।
  • लाल होंठ और स्ट्रॉबेरी जैसी जीभ।
  • हाथ-पैर में सूजन और लाली।
  • गर्दन में सूजन।
  • बुखार उतरने के बाद हाथों और पैरों की उंगलियों की छाल (चमड़ी) निकलने लगती है।
  • बच्चे को पेट में दर्द, दस्त (लूज मोशन) या उल्टी हो सकती है।
  • जोड़ों (घुटनों या कोहनी) में दर्द और सूजन आ सकती है।

डॉक्टर के पास कब जाना सबसे ज्यादा जरूरी है?

अगर आपके बच्चे को 4 से 5 दिनों से लगातार तेज बुखार है और उसके साथ ऊपर बताए गए लक्षणों में से कोई भी 2-3 लक्षण दिखाई दें, तो एक पल की भी देरी न करें। तुरंत अपने नजदीकी बच्चों के डॉक्टर (Pediatrician) को दिखाएं। समय पर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर बच्चे को एंटीबॉडी थेरेपी (IVIG) और खास दवाइयां देते हैं, जिससे दिल को नुकसान पहुंचे बिना बच्चा कुछ ही दिनों में पूरी तरह तंदुरुस्त हो जाता है। बच्चे की सेहत के मामले में थोड़ी सी सावधानी भी बड़े खतरे को टाल सकती है। इसलिए लक्षणों को समझें और सही समय पर सही इलाज करवाएं!

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Updated on:
28 Jul 2026 02:33 pm
Published on:
28 Jul 2026 02:33 pm